समाजवादी पार्टी केंद्र सरकार के साथ, लेकिन ठोस कार्रवाई की मांग सुरक्षा चूक और इंटेलिजेंस फेलियर को लेकर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल बलिया में शादी समारोह में पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से की सीधी बातचीत
लखनऊ/बलिया: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई और ठोस सुरक्षा रणनीति की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ निर्दोष पर्यटकों पर नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर हमला है।
शहीद पर्यटकों को मिले शहीद का दर्जा
बलिया में आयोजित एक विवाह समारोह में भाग लेने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा “जो पर्यटक इस आतंकी हमले में मारे गए, उन्हें सरकार शहीद का दर्जा दे। उनके परिवारों को 10-10 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद और एक-एक सरकारी नौकरी दी जाए।” उन्होंने कहा कि सरकार को सिर्फ बयानबाज़ी से आगे बढ़कर व्यवहारिक और ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
सुरक्षा चूक और इंटेलिजेंस फेलियर पर सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पहलगाम की घटना के पीछे स्पष्ट रूप से सुरक्षा में बड़ी चूक और खुफिया तंत्र की विफलता रही है। “जब सरकार खुद को विश्वगुरु कहती है, तब आतंकी देश के भीतर कैसे घुसकर निर्दोषों की जान लेकर चले जाते हैं?” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद घायलों को डेढ़ घंटे तक उचित इलाज नहीं मिल पाया, जो अमानवीय और आपराधिक लापरवाही है।
भाजपा सरकार पर दलित विरोधी रवैये का आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि “सपा सांसद रामजी लाल सुमन और मुझे जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। सड़कों पर टायर फेंके जा रहे थे। यह सिर्फ हम पर हमला नहीं है। यह बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और लोकतंत्र पर हमला है।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दबंगों और अराजक तत्वों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। पीडीए समाज पर हमले हो रहे हैं, सड़कों पर तलवारें लहराई जा रही हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
शादी समारोह में पार्टी के बड़े नेता रहे मौजूद
बलिया में आयोजित विवाह समारोह में अखिलेश यादव के साथ कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व नेता विरोधी दल रामगोविन्द चौधरी, सांसद सनातन पाण्डेय,सांसद रमाशंकर राजभर, विधायक एवं जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह,पूर्व विधायक संतोष पाण्डेय, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह आदि मौजूद थे
