संभल/लखनऊ : हरियाणा के भैसरू खुर्द गांव निवासी 27 वर्षीय अजय की जमीन बेचकर मिले 1.5 करोड़ रुपए उसके लिए मौत का कारण बन गए। मुरादाबाद निवासी उसके दोस्त सुमित चौधरी ने अपने 5 साथियों के साथ मिलकर अजय की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को संभल जिले के खेड़ाखास गांव के जंगल में दबा दिया।
ऐसे खुला हत्या का खुलासा
3 अप्रैल को अजय ने अपने पुश्तैनी ज़मीन को 1.5 करोड़ में बेचा था। वह पैसे लेकर मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र के पहाड़पुर गांव स्थित दोस्त सुमित के घर गया। सुमित और उसके साथियों ने पहले होटल में ठहराया, फिर 4 अप्रैल को गाड़ी में ही सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। शव को उसी रात खेड़ाखास जंगल में दबा दिया गया।
जानें पुलिस ने क्या की कार्रवाई
हरियाणा के सांपला थाने की पुलिस ने बुधवार को मजिस्ट्रेट, डॉक्टरों और अधिकारियों की टीम के साथ शव निकलवाया। इसमें खोपड़ी और कंकाल बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मुख्य आरोपी सुमित और भूपेंद्र उर्फ बुद्धा गिरफ्तार। कोर्ट से 5 दिन की पुलिस रिमांड मिली। इस मामले में कुल 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मूल संबंध और धोखा
सुमित और अजय की मुलाकात 2015 में दिल्ली में हुई थी, जहां सुमित नाराज होकर घर छोड़कर आया था। दोनों की दोस्ती इतनी गहरी हो गई थी कि सुमित कई वर्षों तक अजय के घर रहा। होली के समय अजय, सुमित के गांव पहाड़पुर भी गया था, जहां उसकी अन्य आरोपियों से भी जान-पहचान हो गई थी।
गुमशुदगी से हत्या तक
3 अप्रैल के बाद अजय लापता हो गया। 28 अप्रैल को अजय के भाई योगेश ने गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच में जमीन बिक्री की बात और पैसों की जानकारी सामने आने के बाद सुमित पर शक हुआ।
