लखनऊ/टूंडला/फिरोजाबाद: यूपी के फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव टीकरी में को जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के पूर्व प्रधान अरविंद यादव (53 वर्ष) और उनके पुत्र नितिन यादव (28 वर्ष) की फावड़े एवं पत्थरों से पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह विवाद 14 बीघा कृषि भूमि को लेकर चल रहा था। बताया जाता है कि चार दिन पहले ही कोर्ट ने ज़मीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद अरविंद यादव को प्रशासन ने जमीन पर कब्जा दिलाया था।
20 साल पुराना ज़मीनी विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरविंद यादव और गांव के ही निवासी हुब लाल यादव के बीच पिछले 20 वर्षों से खेत की जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। बताया जाता है कि अरविंद यादव ने दो दशक पूर्व हुब्बलाल के पिता साहब सिंह से खेत का बैनामा कराया था। इसका विरोध हुब्बलाल और उनके पुत्र लगातार कर रहे थे। उनका आरोप है कि साहब सिंह को बहला-फुसलाकर जमीन कम दाम में खरीदी गई।
खेत जोतते समय जानलेवा हमला
रविवार देर शाम करीब अरविंद यादव अपने बेटे के साथ खेत जोतवाने के लिए गए थे। तभी हुबलाल यादव और उनके पुत्र भी वहां पहुंच गए और बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान मामला इतना बढ़ा कि हुबलाल के बेटों ने फावड़े से हमला कर दिया और पत्थरों से दोनों को बुरी तरह कुचल दिया। मौके पर ही पिता-पुत्र की मौत हो गई।
मौके पर पहुंचा पुलिस बल, आरोपियों की तलाश जारी
हत्या की सूचना मिलते ही थाना नगला सिंघी पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसएसपी सौरभ दीक्षित भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गांव में तनाव, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
डबल मर्डर की इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी का
र्रवाई की जाएगी।
![]()
