लखनऊ/ उत्तराखंड : उत्तराखंड की पावन चारधाम यात्रा के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर गंगोत्री से यमुनोत्री की ओर उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में बरेली की कैमिकल इंजीनियर रुचि अग्रवाल और उनकी मां राधा अग्रवाल सहित कुल छह श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ है।
उड़ान के कुछ ही मिनटों में खोया नियंत्रण
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह करीब पौने नौ बजे, एयरोट्रांस कंपनी का एक हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा हेलीपैड से उड़ान भरकर हर्षिल होते हुए यमुनोत्री जा रहा था। हेलीकॉप्टर जैसे ही गंगनानी क्षेत्र के पास पहुंचा। पायलट को तकनीकी खामी का आभास हुआ। कुछ ही पलों में हेलीकॉप्टर ने नियंत्रण खो दिया और उत्तरकाशी जिले के एक अत्यंत दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।हेलीकॉप्टर क्रैश की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, मेडिकल और आपदा राहत बलों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हेलीकॉप्टर के मलबे से शवों को निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी रहा।
श्रद्धालुओं में महिलाएं प्रमुख
इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं ने महिला भी हैं। इसमें यूपी के बरेली निवासी राधा अग्रवाल (79 वर्ष), मुंबई की केमिकल इंजीनियर रुचि अग्रवाल (56 वर्ष), मुंबई की काला सोनी (61वर्ष) और विजया रेड्डी (57 वर्ष), आंध्र प्रदेश की वेदवती कुमारी (48 वर्ष),और गुजरात के पायलट रॉबिन सिंह (60 वर्ष), आंध्र प्रदेश निवासी मस्तू भास्कर (51 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
परिवारों में कोहराम
बरेली के आलमगीरीगंज निवासी राधा अग्रवाल अपने पति की मृत्यु के बाद से बेटी रुचि के साथ मुंबई में रह रही थीं। मां-बेटी चारधाम यात्रा पर श्रद्धा से प्रेरित होकर निकली थीं। इस दुर्घटना की खबर जब उनके मोहल्ले में पहुंची, तो वहां शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदार और परिचित घर पहुंचने लगे, और हर आंख नम हो गई।
प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी बनी हादसे की वजह
प्रशासन के मुताबिक हादसे का कारण शुरुआती जांच में तकनीकी खामी बताया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हेलीकॉप्टर क्रैश की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। हेलीकॉप्टर सेवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए जांच के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा: “यह अत्यंत दुखद घटना है। ईश्वर दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि राहत और बचाव कार्य में कोई कोताही न बरती जाए।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे इस हादसे से जुड़े हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं और पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है।
