पुलिस वैन खड़े कंटेनर में जा घुसी, मौके पर पांच की मौत, एक सिपाही गंभीर रूप से घायल
लखनऊ/ अलीगढ़ : यूपी के अलीगढ़ में दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार पुलिसकर्मियों और एक बंदी की मौके पर मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब फिरोजाबाद पुलिस एक गैंगस्टर बंदी को मुजफ्फरनगर अदालत में पेशी के लिए ले जा रही थी। रास्ते में चिकावटी मोड़ के पास पुलिस वैन सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार को हुआ। उस वक्त सरकारी पुलिस वैन गैंगस्टर एक्ट में नामजद अभियुक्त गुल शनवर को फिरोजाबाद से मुजफ्फरनगर ले जा रही थी। दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर अलीगढ़ के पास चिकावटी मोड़ के निकट सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से पुलिस वैन बुरी तरह टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। पुलिसकर्मियों और बंदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हुआ।
एक दरोगा, तीन कांस्टेबल और एक बंदी

इस हादसे में मृतकों की पहचान एसआई रामसजीवन (दरोगा), हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह, ड्राइवर हेड कांस्टेबल चंद्रपाल सिंह,हेड कांस्टेबल रघुवीर सिंह, गैंगस्टर बंदी गुल शनवर, निवासी मुजफ्फरनगर, घटना में कॉन्स्टेबल शेरपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। शवों को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
मुजफ्फरनगर कोर्ट में होना था पेश

एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “पुलिस टीम फिरोजाबाद से गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बंदी गुल शनवर को मुजफ्फरनगर कोर्ट पेशी पर ले जा रही थी। रास्ते में वैन खड़े कंटेनर से जा भिड़ी। घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और घायल सिपाही को प्राथमिकता के आधार पर इलाज दिलाया जा रहा है।”इस हादसे ने पुलिस बंदियों की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था और सड़क पर खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे हादसे अक्सर अनदेखी और लापरवाही के कारण होते हैं, जहां न तो वाहन चालक को स्पष्टता होती है और न ही सड़क पर खड़े वाहनों की ठीक से पहचान हो पाती है।
शोक की लहर, पुलिस विभाग और परिजनों में मातम

पांच लोगों की एक साथ मौत ने पुलिस विभाग और परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। मृतक पुलिसकर्मियों की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को याद कर कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) और राज्य सरकार की ओर से मृतक पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की जा सकती है।।
