एजेंसी
दिल्ली : गुरुवार को सोशल मीडिया और कुछ मीडिया संस्थानों के ज़रिए यह खबर वायरल होने लगी कि केंद्र सरकार 15 जुलाई 2025 से दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूलेगी, लेकिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने इस खबर को सिरे से खारिज कर दिया है।
जानें गडकरी ने क्या कहा?
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि “कुछ मीडिया संस्थान दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने की भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। ऐसा कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं है। दोपहिया वाहनों के लिए टोल पर छूट पूरी तरह जारी रहेगी। बिना सत्यापन के खबरें फैलाना स्वस्थ पत्रकारिता की निशानी नहीं है। मैं इसकी निंदा करता हूं।”
NHAI ने भी दी सफाई
NHAI ने भी सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए कहा “सरकार की ओर से दोपहिया वाहनों पर यूजर फीस (टोल टैक्स) लगाने की कोई योजना नहीं है। इस प्रकार की खबरें भ्रामक और निराधार हैं।”
अब तक दोपहिया वाहन टोल मुक्त
भारत में अब तक दो पहिया वाहन (बाइक, स्कूटर) को नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स से छूट मिली हुई है।वायरल खबर में दावा किया गया था कि यह छूट 15 जुलाई 2025 से खत्म हो सकती है, लेकिन सरकार ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई प्रस्ताव या निर्णय नहीं लिया गया है।
