बिजनौर /लखनऊ : यूपी के बिजनौर जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नूरपुर थाना क्षेत्र के टेंडरा गांव में कर्ज के बोझ से टूटे एक परिवार ने सामूहिक रूप से ज़हर खा लिया। इस हादसे में मां रमेशिया (45 वर्ष) और उनकी बड़ी बेटी अनीता (17 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता पुखराज और छोटी बेटी सुनीता (13 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कर्ज से तनाव में था परिवार
प्रारंभिक जांच के अनुसार, परिवार लंबे समय से साहूकारों से लिए गए कर्ज के कारण मानसिक तनाव में था। लगातार आर्थिक दबाव और वसूली के तनाव ने परिवार को इतना तोड़ दिया कि उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
घटना के बाद पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि परिवार पर किस प्रकार का वित्तीय और सामाजिक दबाव था।
