चाकुओं से गोदा घर का इकलौता चिराग, आँखें फोड़ी
लखनऊ/ एटा : उत्तर प्रदेश के एटा जनपद से मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां आम के बाग में घुसने पर तीन किशोरों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस हमले में एक किशोर की मौके पर ही बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। बताया जाता है कि मृतक घर का इकलौता चिराग था। उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इसके साथ ही आंख फोड़ने के बाद गुप्तांग भी काटने की बात सामने आई है।
जानें पूरा मामला?

यह दिल दहला देने वाली घटना एटा जिले के थाना कोतवाली मिरहची क्षेत्र के आलमपुर गांव की है। मंगलवार को तीन किशोर किसी काम से गांव के पास स्थित आम के बाग में गए थे। वहां बाग की रखवाली कर रहे लोगों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। एक किशोर को काट डाला गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो किशोर गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल
हमले की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही थाना मिरहची पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी कि बाग की रखवाली करने वाले लोग ही इस जघन्य घटना के पीछे हैं। आरोप है कि रखवाले अवैध हथियार भी बाग में रखते थे, और पहले भी इस तरह के व्यवहार की शिकायतें सामने आ चुकी थीं।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिवार से भी बयान दर्ज किए गए हैं। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी और घटना की हर एंगल से जांच होगी।
