अलीगढ़ : यूपी के अलीगढ़ में धनीपुर एयरपोर्ट की हवाई पट्टी पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चार सीटर ट्रेनिंग विमान लैंडिंग के दौरान असंतुलित होकर एयरपोर्ट की दीवार से टकरा गया। घटना में विमान को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि पायलट को मामूली चोटें आई हैं। एयरपोर्ट प्रशासन और डीजीसीए (DGCA) ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
क्या हुआ हादसे में?

घटना दोपहर के समय हुई जब प्राइवेट एविएशन इंस्टीट्यूट का चार सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट रूटीन लैंडिंग अभ्यास के लिए रनवे पर आ रहा था। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ने से विमान रनवे से फिसलकर दीवार से जा टकराया। मौके पर मौजूद ग्राउंड स्टाफ ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
पायलट सुरक्षित, तकनीकी कारणों की जांच जारी
विमान में सिर्फ पायलट मौजूद था। उनकी पहचान परव जैन के रूप ने हुई है, जो प्रशिक्षु बताया जा रहा है। उसे हल्की चोटें आईं, प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हादसे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन तकनीकी खराबी या मानवीय त्रुटि दोनों ही जांच के दायरे में हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दिए जांच के आदेश
डीजीसीए और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, ट्रेनिंग उड़ानों पर अस्थाई रोक लगाई जा सकती है। इस घटना की खबर फैलते ही एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। लोगों की भीड़ मौके के पास जमा हो गई। इसको बाद में पुलिस ने हटाया।
एयरपोर्ट प्रशासन का बयान
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रणाली पूरी तरह क्रियाशील है और घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
