बरेली में आयोजित जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने दिलाई सदस्यता, बोले,‘अब सिर्फ ओवैसी साहब ही कौम की उम्मीद”
बरेली : यूपी के बरेली में इत्तेहाद-ए- मिल्लत काउंसिल (आइएमसी) छोड़ नदीम कुरैशी ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-ए-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) का दामन थाम लिया है। वह मुस्लिम सेवा संघ के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व में सपा से भी जुड़े रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-ए-मुस्लिमीन का दामन थाम लिया। एक भव्य समारोह के दौरान AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने उन्हें सदस्यता दिलाई और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी। नदीम कुरैशी समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में जिम्मेदारी निभा चुके हैं और इसके साथ ही आईएमसी के विभिन्न पदों पर भी कार्यरत रहे हैं। AIMIM में शामिल होने से पहले उन्होंने आईएमसी से इस्तीफा दिया और सार्वजनिक रूप से पार्टी की विचारधारा से असहमति जताई।
ओवैसी की स्पष्ट राजनीति से कुरैशी प्रभावित

कार्यक्रम में बोलते हुए नदीम कुरैशी ने कहा, “मैं असदुद्दीन ओवैसी साहब के स्पष्ट विचारों, बेबाक बोल और मुसलमानों के हित में उठाई जा रही उनकी आवाज से बेहद प्रभावित हूं। संसद हो या सड़क, ओवैसी साहब ही अकेले नेता हैं, जो बिना किसी राजनीतिक दबाव के कौम की बात करते हैं। सभी दलों में मुस्लिम नेता हैं लेकिन वे पार्टी लाइन के बंधन में हैं। अब हमारी एक ही दिशा है। ओवैसी साहब के नेतृत्व में मजलिस को मजबूत करना।”
शौकत अली का पाकिस्तान पर तीखा हमला
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने मंच से पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि “पाकिस्तान का प्रदर्शन इस्लाम के नाम पर धब्बा है। निर्दोषों की हत्या करना इस्लाम के खिलाफ है। पहलगाम में मारे गए 26 लोग पूरी मानवता के खिलाफ अपराध का शिकार हुए। हम भारत की सेना और सरकार के साथ खड़े हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि भारत के मुसलमानों को पाकिस्तान की राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। “पाकिस्तान अपने नापाक एजेंडे के तहत भारत के मुसलमानों के नाम पर सियासत करता है, लेकिन भारत के मुसलमान देशभक्त हैं और हर युद्ध में भारत के साथ खड़े रहेंगे,” उन्होंने जोड़ा।
‘अखंड भारत’ की बात भी आई मंच पर
शौकत अली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पाकिस्तान को भारत में मिलाकर ‘अखंड भारत’ के सपने को पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत विरोधी ताकतें मुसलमानों और सिखों को निशाना बना रही हैं, इसलिए अब निर्णायक कदम उठाने का समय आ गया है। इस मौके पर नदीम कुरैशी के साथ हाजी नाज़िम, खालिद, समीर, हसीन, बादशाह, अफज़ाल समेत कई नामी कार्यकर्ताओं ने भी AIMIM की सदस्यता ग्रहण की।
