सपा प्रमुख ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को दिया ‘बूथ मजबूत’ अभियान का मंत्र
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर निशाना साधा। डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं जितनी मजबूत होंगी, उतना ही राष्ट्र शक्तिशाली बनेगा, लेकिन इसके लिए सामाजिक सद्भाव, आर्थिक मजबूती और न्याय आधारित शासन जरूरी है।
भाजपा सरकार को बताया संकट की जननी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा सरकार ने हर मोर्चे पर देश और प्रदेश को संकट में डाला है। आज अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। लोकतंत्र और संविधान पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा हर विभाग में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है और शासन के हर स्तर पर बेईमानी व्याप्त है।
2027 की तैयारी में जुटने का आह्वान
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से स्पष्ट शब्दों में कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादियों के लिए निर्णायक होगा। उन्होंने कहा, “अब समय है बूथ को मजबूत करने का। जनता को भाजपा की नाकामियों से अवगत कराइए। उनके झूठे वादों और भावनात्मक शोषण की सच्चाई सबके सामने लाइए।”उन्होंने बताया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन ही अब प्रदेश की समस्याओं का समाधान है और पार्टी का उद्देश्य सामाजिक न्याय आधारित शासन स्थापित करना है।
कानून-व्यवस्था, किसान और दलितों की स्थिति पर चिंता
प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा सरकार दावा करती है कि अपराधी प्रदेश छोड़ चुके हैं, लेकिन हकीकत यह है कि हत्या, लूट, बलात्कार और अत्याचार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उत्तर प्रदेश दलितों के खिलाफ अत्याचार के मामलों में सबसे ऊपर है।”उन्होंने कहा कि किसान लगातार बेहाल हैं। “धान, गेहूं, मूंगफली जैसी फसलों की खरीद में धांधली हो रही है, और गन्ना किसानों को अब तक पूरा भुगतान नहीं मिला। गेहूं खरीद में सरकारी मशीनरी और उद्योगपतियों की मिलीभगत से किसानों को लूटा जा रहा है।”
‘भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत फर्क है। “यह पार्टी सिर्फ भावनात्मक मुद्दों को भड़काकर सत्ता में बनी रहना चाहती है, लेकिन अब जनता इनकी सच्चाई जान चुकी है। आने वाला समय समाजवादी विचारधारा का होगा।”
