लखनऊ : इनकम टैक्स विभाग के लखनऊ कार्यालय में हुई अफसरों की जंग अब बड़ा मोड़ ले चुकी है। IRS डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग से मारपीट करने वाले असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें बंगाल -सिक्किम रीजन में अटैच किया गया है।
जानें पूरा मामला ?
29 मई को नरही स्थित इनकम टैक्स दफ्तर में एक मीटिंग के दौरान गौरव गर्ग और योगेंद्र मिश्रा के बीच किसी मुद्दे पर बहस इतनी बढ़ गई कि मिश्रा ने कथित रूप से गौरव गर्ग पर पानी का गिलास फेंक दिया। फिर दोनों के बीच बंद केबिन में मारपीट शुरू हो गई। गौरव गर्ग को नाक से खून बहने की स्थिति में सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उन्होंने कान में सनसनाहट, घुटने में चोट और चक्कर आने की शिकायत की।
कौन हैं गौरव गर्ग?
गौरव गर्ग आईपीएस अधिकारी रवीना त्यागी के पति हैं, जो लखनऊ में डीसीपी मध्य रह चुकी हैं। इस वजह से मामला और ज्यादा चर्चित हो गया।
पहले भी सुर्खियों में रहे हैं योगेंद्र मिश्रा
मार्च 2025 में हुए एक आईआरएस क्रिकेट मैच के दौरान भी योगेंद्र मिश्रा का रवैया विवादित रहा था। टीम में चयन न होने पर उन्होंने पिच पर बैठकर अधिकारियों को अपशब्द कहे और हंगामा किया था। सूत्रों के मुताबिक, मिश्रा अन्य अफसरों पर भी दबाव बनाने की कोशिश करते थे।
अफसर पत्नी भी चर्चा में
योगेंद्र मिश्रा की पत्नी परिवहन विभाग में एआरटीओ के पद पर तैनात हैं। परिवार पहले भी सरकारी महकमे में प्रभाव और व्यवहार को लेकर चर्चा में रहा है।
क्या होगी अगली कार्रवाई?
फिलहाल, आंतरिक जांच जारी है और सस्पेंशन के बाद मिश्रा को बंगाल-सिक्किम अटैचमेंट दिया गया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों के बयान लिए जा चुके हैं और जल्द ही इस प्रकरण पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी।
![]()
