लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2026 की पहली कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार के VB-G RAM G एक्ट को लेकर बड़ा बयान दिया। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल की जमकर सराहना करते हुए इसे ग्रामीण भारत के लिए ऐतिहासिक बताया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि VB-G RAM G एक्ट में रोजगार की गारंटी है और यह पारदर्शिता को बढ़ाने वाला कानून है। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी संपत्तियों का निर्माण होगा, जिससे गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
सीएम योगी ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह हैरानी की बात है कि देश, मजदूरों, किसानों और गांवों के विकास से जुड़े इस महत्वपूर्ण कानून का समर्थन करने के बजाय विपक्ष इसे लेकर सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन्हें इस कानून का स्वागत करना चाहिए था, वे अपनी पुरानी भ्रष्ट प्रथाओं का बचाव कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि VB-G RAM G एक्ट विकसित भारत की नींव बनेगा। विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब राज्य विकसित होंगे, और राज्य तभी विकसित होंगे जब गांव मजबूत होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना, किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा व सम्मान देना इस कानून का मूल उद्देश्य है। सीएम योगी ने दावा किया कि पहले की सरकारों में मजदूरों के अधिकारों पर डाका डाला जाता था। हर जिले से भ्रष्टाचार की शिकायतें आती थीं और समय पर भुगतान नहीं होता था। लेकिन अब मजदूरों को समय पर भुगतान मिलेगा और केवल हाजिरी भरने की औपचारिकता नहीं रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कानून में टेक्नोलॉजी को कानूनी अधिकार के रूप में शामिल किया गया है। बायोमेट्रिक उपस्थिति, जियो-टैगिंग, सैटेलाइट इमेजरी, रियल-टाइम मोबाइल ऐप मॉनिटरिंग और ई-स्टोर जैसी व्यवस्थाओं के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह कानून ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और मील का पत्थर साबित होगा।
