लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत राज्य में पहली रफ यानी ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अब मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम देख सकते हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कुल 12 करोड़ 55 लाख मतदाता हैं। SIR के पहले चरण के बाद 2 करोड़ 89 लाख नाम, यानी करीब 18 प्रतिशत मतदाता, सूची से हटाए गए हैं। ये नाम मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या लंबे समय से अनुपस्थित श्रेणी में पाए गए हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, 6 जनवरी से दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। जिन मतदाताओं का नाम पहली ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, वे 6 फरवरी तक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने साफ किया है कि दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। मतदाताओं की सहायता के लिए आयोग ने हेल्पलाइन नंबर 1950 भी जारी किया है, जहां कॉल कर जानकारी ली जा सकती है। चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम सहयोग मिलने के कारण वहां विशेष कैंप लगाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
मतदाता अपना नाम देखने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in/download-eroll पर जाकर राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र और बूथ का चयन कर ड्राफ्ट मतदाता सूची डाउनलोड कर सकते हैं।
