इज्जतनगर थाना क्षेत्र के खजुरिया जुल्फिकार गांव में पुलिस से की अभद्रता, सीओ ने मौके पर पहुँचकर माहौल कराया शांत, गांव में फोर्स तैनात
बरेली : उर्स-ए-रज़वी 2025 में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के खजुरिया जुल्फिकार गांव में चादर जुलूस को लेकर बवाल हो गया। जानकारी के अनुसार, गांव से होकर जा रहे चादर जुलूस को कुछ ग्रामीणों ने नई परंपरा बताकर रोक दिया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों में तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा, और जुलूस को आगे बढ़वा दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी शिवकुमार मिश्रा, और पुलिसकर्मियों को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने दूसरे पक्ष से मोटी रकम लेकर जुलूस को निकलवाया, और बच्चों व पूर्व प्रधान तक पर लाठी चलाई।
वोहंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
आरोपियों के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे माहौल और गरमा गया। सूचना पर सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुँचे, और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।
जानें क्या बोले एसपी सिटी
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि चादर जुलूस को लेकर पहले से ही लिखित सहमति बनी थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने प्रधानी की रंजिश में विवाद खड़ा करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों की पहचान वीडियो से की जा रही है और विधिक कार्रवाई होगी।
