एसपी चीफ ने किसान-युवा से लेकर कानपुर और चित्रकूट की बदहाली तक उठाए सवाल
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अलग-अलग मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। मेरठ में किसान नेताओं के साथ कथित मारपीट और थर्ड डिग्री के आरोपों से लेकर बारिश के बाद कानपुर और चित्रकूट में जलभराव तक, अखिलेश ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मेरठ प्रकरण की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग की।
किसान का अपमान, देश का अपमान

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मेरठ में किसान नेताओं के साथ कथित पुलिस मारपीट को लेकर कहा कि “किसान का अपमान, देश का अपमान है।” उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में किसान नेताओं को थाने में कथित तौर पर थर्ड डिग्री देकर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि यह मामला भाजपा सरकार की बौखलाहट को दर्शाता है। उन्होंने पूरे प्रकरण की गहरी और निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई के साथ बर्खास्तगी की मांग की।
MSP, खाद और किसान आंदोलन को लेकर BJP पर निशाना
पूर्व सीएम अखिलेश ने अपने बयान में MSP, सरकारी खरीद, खाद की उपलब्धता,भूमि अधिग्रहण और किसान आंदोलन जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने भाजपा पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान किसानों की मौत, किसानों की आत्महत्या और लखीमपुर खीरी प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए।
बारिश के बाद कानपुर की बदहाली पर तंज
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कानपुर में बारिश के बाद जलभराव को लेकर भी सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा-“ये बदहाली भरा कानपुर आज का है, क्योंकि यहाँ हर पद पर ‘भाजपा’ है।”उनका यह बयान बारिश के बाद सामने आई जलभराव की तस्वीरों और वीडियो को लेकर था। अखिलेश ने जलनिकासी और शहर की व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर राजनीतिक हमला बोला।
सड़क से नदी बन गया चित्रकूट का रामघाट..
कानपुर के बाद अखिलेश ने चित्रकूट के रामघाट में जलभराव को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने पोस्ट किया-“सड़क से नदी बन गया चित्रकूट का रामघाट, कारण है भाजपाइयों का भ्रष्टाचार-रामघात।”इस बयान के जरिए सपा प्रमुख ने रामघाट की जलभराव की स्थिति को कथित भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, जलभराव के वास्तविक कारण और भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि संबंधित प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
राजस्थान में युवा आंदोलन पर हमले का विरोध
उन्होंने राजस्थान में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित हमले का भी विरोध किया। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर सवाल उठाने वाले युवाओं की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।उन्होंने शिक्षा को लेकर भाजपा की नीतियों पर भी सवाल उठाए और युवाओं को आंदोलन के जरिए अपनी आवाज उठाने से रोकने के बजाय शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जापानी राजदूत से की शिष्टाचार मुलाकात

राजनीतिक मुद्दों पर सरकार को घेरने के बीच अखिलेश यादव ने लखनऊ में जापान के राजदूत के साथ शिष्टाचार मुलाकात की जानकारी भी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने मुलाकात की तस्वीर पोस्ट करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताया। अपने किसान संबंधी बयान के अंत में अखिलेश यादव ने भाजपा के खिलाफ नारा देते हुए कहा-“किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।”
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
