सपा प्रमुख बोले- भ्रष्टाचार -महंगाई से लेकर कानून-व्यवस्था तक पर उठाए सवाल, दवाई कंपनियों से कमीशन का आरोप
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। 5 अक्टूबर को जारी समाजवादी पार्टी के बयान और अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार,महंगाई, कानून -व्यवस्था,रोजगार,शिक्षा,स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर गंभीर आरोप लगाए।अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार को लेकर जनता में भरोसा कम हो गया है और लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषित होते ही भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। हालांकि,यह अखिलेश यादव का राजनीतिक दावा है, चुनाव परिणाम का पूर्वानुमान नहीं।
भाजपा सरकार पर जनता का भरोसा नहीं- अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने बयान में भाजपा सरकार पर कई मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कानून -व्यवस्था,भ्रष्टाचार,महंगाई और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में अपराध और अराजकता बढ़ी है तथा भ्रष्टाचार और बजट के दुरुपयोग की स्थिति गंभीर है। अखिलेश ने अपने बयान में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब चुनाव का इंतजार कर रही है।
दवाई कंपनियों और कमीशन को लेकर बड़ा आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दवाइयों की कीमतों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दवाई कंपनियों से कथित कमीशनखोरी के कारण दवाइयों की कीमतों पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जो सरकार कथित तौर पर दवाई कंपनियों से कमीशन लेती है, वह उन्हीं कंपनियों पर प्रभावी कार्रवाई कैसे करेगी। अखिलेश यादव ने निवेश और चंदे से जुड़े मामलों को लेकर भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कमीशनखोरी के कारण महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।
कानून-व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं पर मुकदमे लगाए जाते हैं और बुलडोजर कार्रवाई के जरिए लोगों के घर गिराए जाते हैं। उन्होंने हिरासत में मौतों, अपराध, कथित राजनीतिक संरक्षण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।अखिलेश ने अपने लंबे बयान में भूमाफिया,अवैध खनन, जमाखोरी और मिलावटखोरी जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया और दावा किया कि इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा सका है।
रोजगार और आरक्षण को लेकर भी BJP पर निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकारी नौकरियों और भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं के लंबित रहने, संविदा व्यवस्था और अन्य नियुक्ति प्रक्रियाओं के कारण युवाओं तथा आरक्षण का लाभ पाने वाले वर्गों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने शिक्षक, शिक्षामित्र, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, भर्ती अभ्यर्थी, वकील, पेशेवर और अन्य वर्गों की समस्याओं का भी जिक्र किया।
किसानों और कारोबारियों के मुद्दे पर कही ये बात
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों को खाद, सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने छुट्टा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान का भी जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने छोटे व्यापारियों और कारखानों पर GST के प्रभाव तथा उत्तर प्रदेश के कारोबार को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों से छोटे दुकानदारों, कारीगरों और स्थानीय कारोबारियों को नुकसान हो रहा है।
PDA को लेकर भी भाजपा पर हमला
अखिलेश यादव ने अपने बयान में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि PDA समाज के लोगों के साथ भेदभाव और उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षकों, छात्रों, कर्मचारियों, भर्ती अभ्यर्थियों और अन्य वर्गों में सरकार के खिलाफ असंतोष है।
डबल इंजन की टकराहट में UP पिस रहा- अखिलेश
उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों को लेकर ‘डबल इंजन’ मॉडल पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों सरकारों के बीच कथित टकराव और प्रशासनिक समस्याओं का असर उत्तर प्रदेश की जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने बाढ़, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार को घेरा।
लखनऊ जलभराव पर भी CM पर निशाना
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने लखनऊ में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की ‘निकासी का समय’ आ गया है, लेकिन उनके घर के आसपास के क्षेत्र में जलभराव की निकासी नहीं हो सकी। उन्होंने घर और परिवार के महत्व का जिक्र करते हुए सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाया।
रानी दुर्गावती की जयंती पर अखिलेश का बड़ा ऐलान
इसी बीच अखिलेश यादव ने महान वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यदि PDA सरकार बनती है तो रानी दुर्गावती की सोने की तलवार वाली स्वर्णिम प्रतिमा रिवर फ्रंट पर लगाने का संकल्प लिया जाएगा। यह घोषणा भी अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट और पार्टी के आधिकारिक बयान के माध्यम से की।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
