अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, आदिवासियों के लिए आवास, आरक्षण, मुफ्त शिक्षा और अलग आयोग का किया वादा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कहा कि वहां “महापाप” हुआ है, और एसआईटी की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि “एसआईटी का मतलब शेयर इन थेफ्ट यानी चोरी में हिस्सेदारी है।” उन्होंने पूछा कि मामले में अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई। अखिलेश यादव ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के मंदिर में आस्था के साथ दान और चढ़ावा दिया था, लेकिन अब लगातार चोरी और अनियमितताओं की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है और दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
PDA में ‘A’ का मतलब आदिवासी
महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने अपने चर्चित PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के ‘A’ को नया अर्थ देते हुए कहा कि अब ‘A’ का मतलब आदिवासी भी है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आदिवासी समाज को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार सुनिश्चित किया जाएगा। आदिवासी समुदाय की जनगणना कराकर आबादी के अनुपात में अधिकार और सुविधाएं दी जाएंगी।
आदिवासियों के लिए कई बड़े वादे
सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार बनने पर आदिवासियों को लोहिया आवास उपलब्ध कराया जाएगा और प्रत्येक आवास के साथ मुफ्त सोलर पैनल भी दिया जाएगा। अनुसूचित जनजाति आयोग का उत्तर प्रदेश में अलग से गठन किया जाएगा। आदिवासी समाज और गोंड समाज की लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वन अधिकार कानून के तहत आदिवासियों के अधिकार सुनिश्चित किए जाएंगे। अनुसूचित जनजाति वर्ग को आरक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर आदिवासी युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी।
बनेगा PDA भवन और हॉस्टल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा की कि लखनऊ में अखिल भारतीय गोंड महासभा के लिए एक PDA भवन बनाया जाएगा, जिसमें हॉस्टल सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी और गोंड समाज के विद्यार्थियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने की व्यवस्था की जाएगी।
एक्सप्रेसवे की दयनीय स्थिति में, बच सकती थी बच्चों की जान
प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर विकास परियोजनाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हालत खराब कर दी गई है। वहीं हालिया अग्निकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते राहत कार्यों में जरूरी कदम उठाए गए होते, तो कई बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने का दुख सबसे बड़ा दुख होता है और सरकार को ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए जवाबदेही तय करनी चाहिए।
भाजपा पर संविधान और आदिवासी अधिकारों को लेकर हमला
मध्य प्रदेश में सामने आए कथित जमीन घोटाले के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि वहां “डबल इंजन” की सरकार के इंजन आपस में टकरा रहे हैं। इसलिए ऐसी खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान बदलने की मंशा से सांसदों को जोड़ने का प्रयास कर रही है और आदिवासी समाज के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आदिवासी, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय और समान अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
