बरेली : लखनऊ अग्निकांड के बाद होटल, कोचिंग सेंटर, और भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है।जिसके चलते बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने दूसरे दिन भी शहर में अवैध और सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित कोचिंग सेंटरों के खिलाफ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान राजेंद्र नगर स्थित ओमेगा क्लासेस और शहर की मेट्रिक्स कोचिंग सेंटर में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसे सील कर दिया गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। मंगलवार को बीडीए टीम ने दो होटल को सील किया था।
बिना एनओसी चल रही थी कोचिंग, एक कमरे में बैठे मिले 150 छात्र
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मेट्रिक्स और ओमेगा क्लासेस ने बीडीए और फायर विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त नहीं की थी। जांच में यह भी सामने आया कि एक ही कमरे में करीब 150 छात्रों को बैठाकर कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जो सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है। स्थिति को देखते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से संस्थान को सील कर दिया और संचालकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आवासीय भवनों में चल रही कोचिंग, संकरी सीढ़ियों ने बढ़ाई चिंता
संयुक्त निरीक्षण के दौरान कई आवासीय भवनों में कोचिंग सेंटर संचालित होते मिले। अधिकारियों ने पाया कि कई भवनों में छात्रों के आवागमन के लिए बनी सीढ़ियों की चौड़ाई एक मीटर से भी कम है। ऐसे में आग या किसी अन्य आपात स्थिति के दौरान सुरक्षित निकासी संभव नहीं होगी। अधिकारियों ने इसे छात्रों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही और जोखिम भरा बताया।
नोटिस की तैयारी, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तय
बीडीए अधिकारियों का कहना है कि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए निर्धारित नियमों की अनदेखी कर सैकड़ों छात्रों की जान खतरे में डाली जा रही है। प्राधिकरण अब ऐसे भवन स्वामियों और कोचिंग संचालकों को चिन्हित कर कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आवासीय भवनों का अवैध व्यावसायिक उपयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एसपी सिटी मानुष पारिक, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, बीडीए और अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
