बरेली: यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में सगे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी फैजान उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है।जांच के दौरान दो अन्य युवकों की भूमिका भी सामने आई है, जिन पर मृतक के सिर पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। पुलिस अब उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई कर रही है।
19 जून की रात खौफनाक कत्ल
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को मोहल्ला शांतिनगर निवासी नसरीन की तहरीर पर उनके पुत्र फैजान उर्फ विक्की के खिलाफ अपने सगे भाई सारिफ की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद फैजान ने अपने भाई की हत्या कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
पत्नी से बदसलूकी से खफा होकर रची हत्या की साजिश
पूछताछ में आरोपी फैजान ने बताया कि घटना वाली रात उसका बड़ा भाई सारिफ नशे की हालत में आया और उसके तथा उसकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपी के अनुसार मृतक ने दोनों को चारपाई से नीचे गिरा दिया और बाद में उसके बाल पकड़कर घर से बाहर खींचते हुए मकान को लेकर विवाद किया। इस घटना से आक्रोशित होकर उसने अपने परिचित अमन और जीशान को बुलाया और तीनों ने मिलकर सारिफ पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
फरीदपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी फैजान उर्फ विक्की को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सीमेंट की ईंट भी बरामद कर ली गई। जांच में अमन और जीशान की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने भी मृतक के सिर पर बारी-बारी से ईंट से वार किए थे। मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
