घनी आबादी से शराब ठेका हटाने की मांग, महिलाओं ने लगाया परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाने का आरोप
बदायूं : जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हरनाथपुर गांव में शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। घनी आबादी के बीच संचालित शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं ठेके पर पहुंच गईं और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शराब की पेटियां तालाब में फेंक दीं और ठेके पर तोड़फोड़ की। बाद में महिलाएं थाने पहुंचीं और धरने पर बैठकर पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।
शराब ठेके पर पहुंचीं महिलाएं
हरनाथपुर गांव में महिलाओं का आरोप है कि आबादी के बीच संचालित शराब का ठेका गांव के सामाजिक माहौल और परिवारों को प्रभावित कर रहा है। महिलाओं का कहना है कि शराब की आसान उपलब्धता के कारण घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं और परिवार आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
तालाब में फेंकी शराब की पेटियां
विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने ठेके पर रखी शराब की पेटियां और पौवे उठाकर पास के तालाब में फेंक दिए। इस दौरान ठेके पर तोड़फोड़ भी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर कुंवरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और किसी तरह माहौल को सामान्य किया।
थाने पर बैठीं धरने पर
प्रदर्शन के बाद महिलाएं कुंवरगांव थाने पहुंचीं और मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए शराब ठेका तत्काल हटाने की मांग की।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता संगीता ने आरोप लगाया कि शराब की वजह से उसका परिवार बर्बाद हो रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ठेके पर निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है, जिससे लोगों का आर्थिक शोषण हो रहा है।
आबकारी विभाग ने दी तहरीर
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदर्शन के दौरान करीब 10 पेटी शराब तालाब में फेंककर नष्ट कर दी गई, जिससे लगभग 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। ठेके के सेल्समैन की ओर से महिलाओं के खिलाफ तहरीर दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट:राजा खान,बदायूं
