21 जून को हुई थी शादी, पहली विदाई से पहले ही उजड़ गया दुल्हन का सुहाग, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।शादी के महज दो दिन बाद एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि नई नवेली दुल्हन गहरे सदमे में है। कुछ दिन पहले तक जिस घर में शादी की खुशियां और मंगलगीत गूंज रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है।जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को खड़ौआ और पस्तोर रेलवे क्रॉसिंग के बीच रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव अपलाइन पर पोल संख्या 1317/11 के पास मिला था।पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
आधार कार्ड से हुई पहचान
इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने मीडिया को बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान जौहरपुर गांव निवासी 26 वर्षीय रामजी शर्मा पुत्र हरीश शर्मा के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
21 जून को हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक रामजी शर्मा की बारात 19 जून को शाहजहांपुर गई थी और 21 जून को दुल्हन की विदाई के बाद बारात वापस लौटी थी। शादी को अभी दो दिन ही हुए थे। परिवार बृहस्पतिवार को होने वाली पहली विदाई की तैयारियों में जुटा था। दुल्हन के मायके वाले उसे विदा कराने आने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।
नई नवेली दुल्हन को लगा गहरा सदमा
इस घटना के बाद सबसे ज्यादा सदमा मृतक की पत्नी को लगा है। शादी के हाथों की मेहंदी अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि उसका सुहाग उजड़ गया। परिवार के लोगों के अनुसार दुल्हन बार-बार घटना को लेकर सवाल कर रही है, लेकिन किसी के पास इसका जवाब नहीं है। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आत्महत्या की वजह बनी रहस्य
फिलहाल युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने भी किसी तरह के पारिवारिक विवाद या तनाव की जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। शादी की खुशियां महज दो दिनों में मातम में बदल जाने से गांव और आसपास के लोग भी शोक में डूबे हुए हैं।
