लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 1494 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर सीएम योगी ने राज्य में 30 हजार और पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, डीजीपी राजीव कृष्णा, और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। डीजीपी ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। इसमें कुल नियुक्तियां 1494 हुई हैं। जिसमें 1314 सहायक परिचालक, 120 कर्मशाला कर्मचारी हैं। यह नियुक्ति पुलिस दूरसंचार विभाग के रिक्त पदों को भरने के लिए हुई है।इससे पहले 60244 सिपाहियों की भर्ती पहले ही पूरी हो चुकी है।
CM योगी बोले- पुलिस को मिल रही है नई पहचान, नए संसाधन

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “आज पुलिस को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल रही हैं। जिन जिलों में पुलिस लाइन नहीं थी, हमने वहां भी निर्माण कराया है। अब यूपी पुलिस अपने खुद के ट्रेनिंग सेंटरों पर ट्रेंड हो रही है, किसी को हायर नहीं किया जा रहा।”1970-71 से लंबित पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम को भी लागू कर दिया गया है। अब यूपी के 7 ज़िलों में कमिश्नरेट व्यवस्था सफलतापूर्वक चल रही है।
पुलिस को आमजन के प्रति संवेदनशील होना होगा: योगी

सीएम योगी ने यूपी पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि “महाकुंभ जैसा आयोजन यूपी पुलिस की संवेदनशीलता और कार्यशैली की मिसाल है। अब पुलिस को सिर्फ कानून का पालन कराने वाली नहीं, बल्कि जनता के प्रति संवेदनशील भी होना होगा।”उन्होंने कहा, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना हमारी प्राथमिकता रही है, और इसमें भी सफलता मिली है।
अग्निवीरों को पुलिस में मिलेगा 20% आरक्षण
सीएम योगी ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि “UP Police में अब 20% भर्ती अग्निवीरों से होगी। वे जिस ट्रेड में ट्रेंड होंगे, उसी में उन्हें मौके दिए जाएंगे।”
नवचयनितों को ईमानदारी की नसीहत
सीएम ने नियुक्त पत्र प्राप्त कर रहे युवाओं से कहा कि “आपको एक पारदर्शी व्यवस्था के तहत चुना गया है। सरकार ने आपसे कोई पैसा नहीं लिया। अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप पूरी ईमानदारी से सेवा करें।”
