फतेहपुर/लखनऊ : यूपी के फतेहपुर जिले में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। यहां कौशांबी जिले के तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में जा रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गेरिया मोड़ के पास बिजली के पोल से टकरा गई। इस हादसे में तीनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में चचेरे भाई मंजीत यादव (19 वर्ष), अंकुश यादव (20 वर्ष) और मूसा उर्फ अनिल यादव (22 वर्ष) शामिल हैं।
बाइक से जा रहे थे रिश्तेदारी में
तीनों युवक कौशांबी के कनवार मजरे ननका का पुरवा, गुलामीपुर व आसपास के इलाके के निवासी थे। वे रक्षाबंधन की रात तेंदुआ गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, तीनों ने बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहना था। जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं, और तीनों की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने कब्जे में लिए शव
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने मीडिया को बताया कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गई। इसके साथ ही पूरा गांव शोक में डूब गया है।
