बरेली : यूपी के फरीदपुर टोल प्लाजा पर मंगलवार दोपहर बड़ा हंगामा हो गया, जब फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल की गाड़ी को टोल कर्मियों ने रोक लिया। विधायक के मुताबिक, उन्होंने अपनी विधानसभा का पास लगी कार दिखाई, फिर भी टोल बूथ पर बैठी महिला कर्मी ने उनसे पूछताछ की और बैरियर खोलने में देर की।
टोल पर गाड़ी रोकने से भड़के विधायक, बुलवाई पुलिस
विधायक का कहना है कि उन्होंने अपना परिचय भी दिया, लेकिन फिर भी टोल खोलने में अनावश्यक देरी की गई। नाराज विधायक ने अपनी गाड़ी पीछे कराई और टोल ऑफिस के बाहर खड़े होकर पुलिस बुला ली। पुलिस पहुंचते ही टोल मैनेजर और स्टाफ ने विधायक से माफी मांगी।
टोल कर्मी महिला कर्मचारी को नौकरी से निकाला
इस मामले के बाद टोल मैनेजर पवन ने मीडिया को बताया कि महिला कर्मी ने गाड़ी निकालने में काफी देर की। इसे ‘सर्विस इश्यू’ मानते हुए उसे नौकरी से हटा दिया गया। टोल क्षेत्र में अवैध तरीके से लगाए गए दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिया गया है
अवैध दुकानों पर विधायक की सख्त नाराज़गी
विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल ने टोल पर अवैध दुकानों को लेकर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टोल कर्मियों ने स्थानीय दुकानदारों से मिलीभगत कर सड़क पर दुकानें लगवा रखी हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं और लड़ाई-झगड़े होती रहती हैं। सड़क पर कुर्सी डालकर ग्राहक बैठाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। विधायक ने टोल क्षेत्र में पिछले कई घटनाओं का जिक्र भी किया। 6 महीने पहले एक व्यक्ति को गोली मारी गई थी। एक टेंपो चालक के साथ मारपीट की गई। एक वर्ष पहले चाय की दुकान में राहगीर महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया। विधायक ने कहा कि टोल प्रबंधन की इन लापरवाहियों की शासन स्तर पर शिकायत की जाएगी।
