‘देश की मिट्टी बचाने वाले वीरों पर गर्व’, रेजांग ला के सैनिकों को‘120 बहादुर’ का प्रोमो दिखा भावुक हुए रेजांग ला के वीर
लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 1962 की रेजांग ला लड़ाई के वीर सैनिकों को सम्मानित किया। इस दौरान कैप्टन रामचन्द्र यादव सहित कुमायूं रेजीमेंट के 13 पूर्व सैनिकों को सम्मान प्रदान किया गया। अखिलेश यादव ने रेजांग ला के रणबांकुरों की वीरता को नमन करते हुए कहा कि इन्हीं सैनिकों के साहस से देश की सीमाएं सुरक्षित रहीं।उन्होंने अहीर रेजीमेंट के गठन की मांग दोहराते हुए कहा कि यूपी में एक भी मिलिट्री स्कूल नहीं है, जबकि लखनऊ, कन्नौज, इटावा और वाराणसी जैसे शहर इसके हकदार हैं। कार्यक्रम में ‘120 बहादुर’ फिल्म का प्रोमो भी दिखाया गया, जिसमें रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। सम्मान समारोह के दौरान भावुक हुए कैप्टन रामचन्द्र यादव ने कहा कि अगर जीवन देश के काम आ जाए, तो इससे बड़ा सौभाग्य कुछ नहीं हो सकता।
इलाहाबादी अमरूद की सौगात

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सपा इलाहाबाद (प्रयागराज) के संदीप यादव ने प्रसिद्ध इलाहाबादी अमरूद भेंट किए। अखिलेश यादव ने संदीप यादव और उनके साथियों का आभार जताते हुए अमरूद सभी के बीच वितरित करने के निर्देश दिए। आग्रह पर उन्होंने एक टोकरी अमरूद स्वीकार की। उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद का अमरूद अपनी खुशबू, लाल रंग और मिठास के लिए प्रसिद्ध है। इलाहाबादी सफेदा और सेबिया सुरखा इसकी प्रमुख किस्में हैं, जिनकी खेती मुख्य रूप से प्रयागराज और कौशाम्बी क्षेत्र में होती है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, सौंपा ज्ञापन
सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ज्ञापन में जनपद सम्भल की 111-गुन्नौर विधानसभा में 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध न होने के कारण 73,629 मतदाताओं को नो मैपिंग और 1,33,676 को प्रोजनी श्रेणी में डालने का मुद्दा उठाया गया। सपा का कहना है कि अधिकांश मतदाताओं के नाम 2003 की सूची में दर्ज हैं, इसके बावजूद उन्हें अनावश्यक नोटिस और दस्तावेजी बोझ झेलना पड़ेगा। इसके अलावा गाजियाबाद में अपात्र मतदाताओं को दोबारा सूची में जोड़ने की साजिश, बहराइच में एएसडी मतदाताओं की सूची ठीक से साझा न करने और सीतापुर के महोली विधानसभा क्षेत्र में 2003 की सूची न होने से मतदाताओं को गलत श्रेणी में डालने की शिकायत की गई है। सपा नेताओं ने मांग की है कि 2003 की मतदाता सूची सभी बूथों पर उपलब्ध कराई जाए और नो मैपिंग की त्रुटियों को तत्काल सुधारा जाए, ताकि SIR प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके।
