लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि संघ परिवार दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार है और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह बातें बुधवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता आज भाजपा की नीतियों से त्रस्त है और समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।
‘भाजपा का एनडीए राजनीतिक नहीं, पारिवारिक गठबंधन’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भी यह स्वीकार कर चुके हैं कि भाजपा का एनडीए गठबंधन राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से झूठ बोलने और झूठे वादे करने में माहिर है। घुसपैठियों को लेकर झूठा प्रचार किया गया, झूठा नैरेटिव गढ़ा गया, लेकिन मतदाता सूची के एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला।
‘भाजपा ने जनता को परेशानी में फंसा दिया’
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ, भ्रष्टाचार और सरकारी धन की लूट में पूरी तरह लिप्त है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आज बेहद दुखी है। हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उत्तर प्रदेश अपराधियों की गिरफ्त में चला गया है।
कार्यकर्ताओं को 2027 की तैयारी का संदेश

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ पर पूरी मजबूती से काम करें। उन्होंने कहा वोट बचाना और बूथ जिताना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। फॉर्म-6 के जरिए छूटे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। भाजपा की चालाकियों से सतर्क रहें। बोले – 2027 के चुनाव में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
‘समाजवादी सरकार में हुआ असली विकास’
उन्होंने कहा कि जनता को यह बताना होगा कि प्रदेश में असली विकास समाजवादी पार्टी की सरकार में हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। आज महिला अपराध और साइबर क्राइम सबसे अधिक हैं, अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं सरकारी संस्थाएं बदहाल हो चुकी हैं राजधानी लखनऊ के बड़े अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में भी गुणवत्तापूर्ण इलाज नहीं मिल पा रहा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा पर हमला
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय गरीबों का मुफ्त इलाज होता था,लोहिया संस्थान, सैफई मेडिकल कॉलेज, विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान की स्थापना की गई केजीएमसी और पीजीआई जैसी संस्थाओं में सुविधाएं बढ़ाई गईं।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह से खराब कर दिया है और सरकार संस्थानों को पर्याप्त बजट नहीं देती। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का चरित्र अमानवीय और संवेदनहीन है।
कार्यकर्ताओं ने किया सम्मान
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर से आए सपा नेता मोहम्मद आजम और अन्य कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को शाल और मफलर भेंट किया।वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने संकट मोचन मंदिर का प्रसाद भेंट किया, जबकि श्री अवधेश यादव और पंचू यादव ने उन्हें इलाहाबादी अमरूद भेंट कर सम्मानित किया।
‘स्वदेशी के नाम पर परदेसी हो गई भाजपा, बहिष्कार सिर्फ दिखावा था’
सपा प्रमुख ने भाजपा और उसके सहयोगियों पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि स्वदेशी का नारा देने वाली भाजपा अब परदेसी हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग कभी चीन से आयात के विरोध में अभियान चला रहे थे, आज वही लोग परोक्ष रूप से उसका स्वागत करते नजर आ रहे हैं।
चीनी सामान के बहिष्कार का बताया ड्रामा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम यह साबित करता है कि इस मुलाकात की तैयारी कई वर्षों से चल रही थी, फिर चीनी सामान के बहिष्कार का ड्रामा, आखिर किसे गुमराह करने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के समर्थक आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, जो कभी बहिष्कार के लिए घर-घर जाकर अपील कर रहे थे।
भाजपा का वैचारिक उस्ताद
सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के वैचारिक उस्ताद पड़ोसी देश से एकदलीय व्यवस्था का मास्टर क्लास ले रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों से मुलाकात की जा रही है, उनका कोई विधिवत पंजीकरण तक नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि यह पूरा मामला ‘रंगे सियार’ की कहानी जैसा है, जिसका सच एक दिन जनता के सामने आ ही जाता है।
अपर महाअधिवक्ता विनोद शाही के घर पहुंचे अखिलेश यादव, पुत्र के निधन पर जताया शोक
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपर महाअधिवक्ता विनोद शाही के अलीगंज स्थित आवास पर पहुंचकर उनके पुत्र जयंत शाही के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।सपा अध्यक्ष ने दिवंगत जयंत शाही के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उल्लेखनीय है कि विनोद शाही के पिता के.डी. शाही उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रह चुके हैं। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप, सपा के वरिष्ठ नेता एवं मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी तथा पूर्व मंत्री जावेद आब्दी भी मौजूद रहे।
