गाजियाबाद में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग बन गए हादसे का शिकार, कार ने कुचला तीन, काठमांडू जा रहे थे, पहुंच गए मौत के मुंह में
गाजियाबाद/पीलीभीत/बरेली : यूपी में तीन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। एक तरफ पीलीभीत में ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया, तो वहीं गाजियाबाद में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को बेकाबू कार ने कुचल दिया। इसके अलावा बरेली में बाइक सवार की मौत हो गई। तीनों हादसों में कुल 6 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं।
पीलीभीत में भीषण हादसा, पंचर हुई कार, ट्रक ने रौंदे लोग, तीन की मौके पर मौत
पीलीभीत में दिल्ली से नेपाल के काठमांडू जा रहे यात्रियों की कार का टायर पंचर हो गया। चार लोग कार से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई। मृतक गणेश कुमार (47 वर्ष), निवासी इंदिरा पार्क, पश्चिमी दिल्ली, निखिल (20 वर्ष), नेपाल निवासी और एक अज्ञात व्यक्ति है। इसमें घायल महिला अंजलि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को कार ने रौंदा, नींद की झपकी बनी मौत की वजह
गाजियाबाद में सुबह टहलने निकले लोगों पर तेज रफ्तार कार चढ़ गई।
कार ने पहले डिवाइडर पर टक्कर मारी और फिर सड़के किनारे चल रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में सावित्री देवी (60 वर्ष), मीनू प्रजापति (56 वर्ष) और कमलेश शर्मा की मौत हो गई। दो अन्य लोग विपिन शर्मा और कार चालक मंजुल (नेहरू नगर निवासी) घायल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मंजुल बुलंदशहर से लौट रहा था और ड्राइव करते वक्त नींद की झपकी आने से कार बेकाबू हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर लोगों को रौंदती चली गई। चालक और घायल लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।
बाईकों की भिड़ंत में एक की मौत
बरेली जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
खटेटा गांव निवासी 45 वर्षीय रनवीर सिंह की बाइक को सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रनवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
जानें क्या बोली पुलिस
पीलीभीत पुलिस ने बताया कि “हादसे के बाद ट्रक चालक फरार है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”इसके साथ ही गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि “कार चालक मंजुल के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धारा में FIR दर्ज की गई है।”
