सीतापुर/लखनऊ : यूपी के सीतापुर जिले के सकरन थाना क्षेत्र के गांव सुकेठा में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के 10 वर्षीय विवेक गुप्ता घर के सामने बने सेप्टिक टैंक में गिर गया। बच्चे को बचाने के लिए गांव के ही अनिल (40 वर्ष) टैंक में उतरे, और किसी तरह विवेक को बाहर निकाल दिया। लेकिन खुद डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए राज कुमार (45 वर्ष) और फिर रंगीलाल (45 वर्ष) भी टैंक में उतरे, लेकिन तीनों की मौत हो गई। घटना के दौरान दीपू (25 वर्ष) भी उन्हें बचाने के प्रयास में बेहोश हो गए। उनका इलाज जारी है।
सीएचसी के डॉक्टर ने घोषित किया मृत
सभी को ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा ले गए। यहां डॉक्टर सुनील यादव ने अनिल, राज कुमार और रंगीलाल को मृत घोषित कर दिया। गांव में इस हादसे से मातम छा गया है।
