मुरादाबाद : शहर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में जमीन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो भाइयों के बीच हुए झगड़े में एक भाई सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया और कार्रवाई शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक, यह मामला पूरी तरह से जमीन से जुड़े पारिवारिक विवाद का है। दोनों भाइयों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर तनाव चल रहा था, जो अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। इस झगड़े में सुरेश को बुरी तरह घायल कर दिया गया। घटना के बाद सुरेश को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
चार नामजद आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा घटना में 3-4 अन्य लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
नाना की जमीन बनी विवाद की जड़
पूछताछ में सामने आया है कि यह जमीन उनके नाना द्वारा उनके पिता को दी गई थी। उसी जमीन को लेकर परिवार के लोगों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल के दिनों में यह विवाद और ज्यादा बढ़ गया।जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई और आखिरकार यह खूनी घटना हो गई।
SP सिटी कुमार रणविजय सिंह ने किया खुलासा
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच लड़ाई हुई थी। इस घटना में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि परिवार की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है, और मुख्य आरोपी विजय सहित चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट : मुहम्मद रेहान
