बरेली : यूपी के बरेली से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां छावनी क्षेत्र (कैंटोनमेंट बोर्ड एरिया) के समग्र विकास को लेकर बड़ा रोडमैप तैयार किया गया है। 15 अप्रैल, 2026 को नेहरू सभागार में छावनी परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह ने की। जिसमें सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन और नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल भी मौजूद रहे। बैठक में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़े फैसले लिए गए। 20 TPD क्षमता के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना, स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत दीवार चित्रण और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को मजबूत करने के प्रस्तावों पर मुहर लगी।
पार्किंग से लेकर अस्पताल तक बड़े फैसले
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत नालों की मरम्मत, सड़कों का सुधार, पेंटिंग कार्य और विभिन्न ई-टेंडर प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। वहीं, बी.आई. बाजार में मल्टी-लेवल पार्किंग निर्माण, जर्जर सुलभ कॉम्प्लेक्सों के ध्वस्तीकरण और हरित क्षेत्र विकास को प्राथमिकता दी गई। जनहित को ध्यान में रखते हुए छावनी अस्पताल और स्कूलों के लिए एसी, फर्नीचर और अन्य जरूरी उपकरण खरीदने के साथ अस्पताल प्रशासन को मजबूत करने के लिए प्रशासक की नियुक्ति पर भी विचार हुआ।
एक साथ कई प्रोजेक्ट्स को मंजूरी
कर्मचारियों के लिए एसीपी योजना के तहत लाभ देने का प्रस्ताव भी रखा गया। पर्यावरण के क्षेत्र में वर्षा जल संचयन के लिए तालाब निर्माण, कार्बन सीक्वेस्ट्रेशन स्टडी, प्लास्टिक कचरे से पावर ब्लॉक बनाने की यूनिट और PNG नेटवर्क विस्तार जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई।इसके अलावा, डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट स्वच्छता मॉनिटरिंग सिस्टम (SMART), सूचना चैटबॉट और व्हाट्सएप बॉट लागू करने की योजना पर भी विचार किया गया, जिससे नागरिकों को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकें। छावनी परिषद के इन फैसलों को क्षेत्र के विकास, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
