लखनऊ : उपराष्ट्रपति पद के इंडिया गठबंधन उम्मीदवार और पूर्व न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सांसदों का समर्थन मांगने लखनऊ पहुंचे। सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि “उपराष्ट्रपति का पद राजनीतिक नहीं बल्कि संवैधानिक है। इसलिए सभी दलों को समर्थन करना चाहिए।”रेड्डी ने कहा कि विपक्षी दलों ने उन पर विश्वास जताया है, और “जो दल इंडिया गठबंधन में नहीं हैं। वे भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं। “उन्होंने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा कि 1971 में बार काउंसिल से उनकी यात्रा शुरू हुई थी और वे हमेशा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए खड़े रहेंगे।
उपराष्ट्रपति का चुनाव न्याय की लड़ाई : अखिलेश यादव

इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद के लिए सबसे बेहतर उम्मीदवार बताया। अखिलेश ने कहा, “उपराष्ट्रपति का चुनाव न्याय की लड़ाई है, और इसके लिए एक न्यायमूर्ति से बेहतर कोई विकल्प नहीं हो सकता, जो भी न्याय के पक्षधर हैं। वे अंतरात्मा की आवाज पर रेड्डी के पक्ष में वोट डालेंगे।”
हम नफरत खत्म कर गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं
उप राष्ट्रपति पद के दावेदार रेड्डी ने महात्मा गांधी, नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और कहा कि “हमें नफरत खत्म कर गांधी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।”रेड्डी के साथ इस मौके पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, आराधना मिश्रा मोना, और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव सहित कई सांसद व विधायक मौजूद रहे।
