बरेली : यूपी के बरेली में अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर विकास प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की प्रवर्तन टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया। पहला मामला फरीदपुर रोड के ग्राम बारी नगला का है। यहां सुनील कुमार ने लगभग 2000 वर्गमीटर जमीन पर बिना अनुमति भूखंड काटने और सड़क बनाने का कार्य शुरू कर दिया था।
लाल फाटक पर चला बुल्डोजर
इसके साथ ही दूसरा मामला लाल फाटक मार्ग का है। यहां वीरेन्द्र पाल ने करीब 1500 वर्गमीटर भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करनी शुरू कर दी थी। BDA अभियंता अजीत कुमार साहनी, धर्मवीर सिंह चौहान और प्रवर्तन प्रभारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के कोई भी निर्माण या प्लॉटिंग अवैध है, और कभी भी ध्वस्त की जा सकती है।
बीडीए ने दी लोगों को सलाह
BDA ने आम लोगों से अपील की है कि भूखंड या मकान खरीदने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। इसके साथ ही अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
