पीलीभीत : पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र के बराही जंगल में 15 अप्रैल को शिकार की नीयत से पहुंचे शिकारी ने एक जंगली सूअर को मार दिया था। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसके बाद आरोपी मौके से बाइक, और मरा हुआ जंगली सूअर छोड़कर फरार हो गया।
बाइक से हुई आरोपी की पहचान
घटना के बाद मौके पर छोड़ी गई बाइक के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान हजारा थाना क्षेत्र के राघवपुर गांव निवासी हरजिंदर सिंह के रूप में की। पुलिस ने तुरंत उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया।
दूसरी बार शिकार की फिराक में निकला, पुलिस ने घेरा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हरजिंदर सिंह एक बार फिर जंगल में शिकार की तलाश में निकला है। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और उसे आत्मसमर्पण के लिए ललकारा, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हरजिंदर सिंह के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत सीएचसी माधोटांडा में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज जारी है। आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस अब उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। एसपी पीलीभीत सुकृति माधव ने मीडिया को बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
