बरेली/शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच शाहजहांपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एंटी करप्शन टीम ने मंडी में तैनात रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। टीम ने एक दिन पहले भी शाहजहांपुर के शिक्षा विभाग से दो अफसरों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
गेहूं खरीद के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत
शाहजहांपुर के तिलहर स्थित नवीन मंडी में किसानों से गेहूं खरीद के दौरान प्रति क्विंटल 100 रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी।शिकायतकर्ता सौरभ सिंह ने आरोप लगाया कि बिना रिश्वत दिए उनका गेहूं नहीं खरीदा जा रहा था। जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही थी।
एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल, मौके पर पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम, बरेली ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई। 22 अप्रैल को दोपहर 12:58 बजे टीम ने तिलहर मंडी में छापा मारकर आरोपी।रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर(क्षेत्रीय विपणन अधिकारी) मुनीन्द्र नाथ पटेल को 9,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई। लखनऊ से मिले निर्देशों के बाद बरेली की टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
मुकदमा दर्ज, आगे की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के।खिलाफ थाना कटरा, शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
