सपा प्रमुख बोले – काग़ज़ मांगने की राजनीति से सनातन परंपरा को अपमानित कर रही है भाजपा,SIR ही NRC है, भाजपा लोकतंत्र से कर रही है छेड़छाड़”
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जगद्गुरु शंकराचार्य से जुड़े हालिया विवाद को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य को मानने वाला हर व्यक्ति आज दुखी है और उनके साथ हुए कथित अपमान से न केवल संत समाज, बल्कि पूरा सनातन समाज आहत है। अखिलेश यादव ने कहा कि सनातन धर्म की परंपरा तब से चली आ रही है, जब काग़ज़ का अस्तित्व भी नहीं था, लेकिन भाजपा और उसके सत्ता-लोलुप सहयोगी आज उन्हीं परंपराओं से जुड़े लोगों से काग़ज़ मांग रहे हैं। उन्होंने इसे सनातन परंपरा का अपमान बताते हुए कहा कि भाजपा का ‘सनातन के समापन’ का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
प्रयागराज से काशी तक अपमान की साजिश का आरोप

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रयागराज में संतों, साधुओं और महात्माओं के साथ कथित अपमान का मामला हो या काशी में पूज्य अहिल्या देवी होल्कर की धरोहर का ध्वस्तीकरण, ये सभी घटनाएं भाजपा और उसके सहयोगियों की उस गहरी साजिश का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य सनातन परंपरा को कमजोर करना है।
‘जनता अब जाग चुकी है’

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दावा किया कि अब जनता भाजपा के मायावी चेहरे को पहचान चुकी है और खुलकर सरकार के खिलाफ आवाज़ उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का पतन शुरू हो चुका है और छल का बल कभी स्थायी नहीं होता।
सोशल मीडिया पर बढ़ता जन-आक्रोश
उन्होंने कहा कि सच्चे सनातनी, जगद्गुरु शंकराचार्य और उनके अनुयायियों के साथ हुए कथित अभद्र व्यवहार से बेहद दुखी हैं और अब मुखर भी हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर आम लोगों के समर्थन में आ रहे वीडियो इस बात का संकेत हैं कि भाजपा के कथित धर्म-विरोधी कृत्यों के खिलाफ जन-आक्रोश उबाल पर है। समाजवादी पार्टी ने इस पूरे प्रकरण को सनातन आस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए भाजपा सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
“SIR ही NRC है, भाजपा लोकतंत्र से कर रही है छेड़छाड़”
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर SIR के नाम पर लोकतंत्र से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि SIR ही असल में NRC है और भाजपा इसके जरिए मतदाता सूची में धांधली करना चाहती है। अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि केन्द्रीय चुनाव आयोग की SIR और राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में करीब चार करोड़ वोटों का अंतर है, ऐसे में यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सही सूची कौन-सी है। शुक्रवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अब एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि उद्योगपतियों, रिटायर्ड अधिकारियों और आरएसएस का गठजोड़ बन चुकी गैंग है, जिसने देश के संसाधनों पर कब्जा कर लिया है।
2027 का विधानसभा चुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह ताकत से लड़े
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह पूरी ताकत से लड़ना है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का विश्वास समाजवादी पार्टी के साथ है और पार्टी पीडीए व सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूत करेगी।
शिवपाल सिंह यादव के जन्मदिन पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया भंडारा व हवन-पूजन
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के जन्मदिन के अवसर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा भंडारे व हवन-पूजन का आयोजन किया गया। यह आयोजन यशवर्धन सिंह भदौरिया एवं प्रखर कल्हंस (तुलसीपुर) के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रसाद वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बदायूं सांसद आदित्य यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने शिवपाल सिंह यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
