फरीदपुर के लौंगपुर गांव में होगी जन चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे उपमुख्यमंत्री
बरेली : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बरेली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह फरीदपुर तहसील के गांव लौंगपुर में आयोजित होने वाली जन चौपाल में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ ‘विकसित भारत- जी राम जी’ योजना के उद्देश्यों और लाभों की जानकारी देंगे। डिप्टी सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और विकास विभाग अलर्ट मोड में आ गया है और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हालांकि, अभी तक उप मुख्यमंत्री का आधिकारिक मिनट -टू- मिनट कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘विकसित भारत- जी राम जी’ की जानकारी
बताया जा रहा है कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बीते दिनों ग्राम चौपालों के माध्यम से ‘विकसित भारत-जी राम जी’ अधिनियम/योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए थे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग इस योजना के उद्देश्यों, लाभों और प्रावधानों को अच्छी तरह समझ सकें। इसी क्रम में बरेली की जन चौपाल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां सीधे ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा।
विकास कार्यों का निरीक्षण, प्रेस वार्ता भी संभव
सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी सीएम ग्राम चौपाल के दौरान ग्राम विकास से जुड़ी योजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रेस वार्ता के जरिए सरकार की नीतियों और योजनाओं पर जानकारी देने की संभावना है।
आगरा के बाद बरेली का दौरा
उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को आगरा में जन चौपाल में हिस्सा लिया था। इसके बाद शनिवार को उनका बरेली आगमन प्रस्तावित है। इस दौरे को आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
