सपा अध्यक्ष बोले- चौड़ीकरण नहीं, ‘पॉलिटिकल डिमोलिशन! मेट्रो से लेकर रिवरफ्रंट तक BJP पर बड़े आरोप, दूसरों को दर्द दोगे तो कुदरत फैसला करेगी!
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश की BJP सरकार पर तीखा हमला बोला। वाराणसी के दालमंडी में चल रहे चौड़ीकरण अभियान पर उन्होंने इसे “पॉलिटिकल डिमोलिशन” करार देते हुए कहा कि यह विकास नहीं, बल्कि राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि “जो कुछ हो रहा है, सब दर्ज किया जा रहा है।”दालमंडी के व्यापारियों पर हो रही कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि “दालमंडी के व्यापारियों पर सालों से सरकार के फैसलों की वजह से संकट आया है।” “भाजपा दालमंडी वालों को दाल की तरह न दले, उन्हें संरक्षण दे।”उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर व्यापारियों को डराया जा रहा है और बाजार के लोगों को अपनी ही जमीन पर असुरक्षित महसूस कराया जा रहा है।
चौड़ीकरण BJP की संकीर्ण सियासत!

सपा प्रमुख अखिलेश ने बीजेपी की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “भाजपाई नेगेटिव हैं, संकीर्ण सोच है।”“चौड़ीकरण इतिहास बचाने का नहीं, भाजपा की संकीर्ण सियासत की साजिश है।” उन्होंने दावा किया कि सड़क चौड़ा करने के नाम पर लोगों की जीविका खत्म की जा रही है।“किसी की रोज़ी-रोटी छीनने का अधिकार सरकार को किसने दिया?”। उन्होंने सवाल उठाया। प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश ने राज्य सरकार पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि “हमारे मुख्यमंत्री जी सिंगापुर में स्पेन ढूंढ रहे थे।”इस टिप्पणी का संदर्भ उन्होंने विदेश दौरों में वास्तविक परिणाम न आने से जोड़कर दिया।
मेट्रो पर बड़ा दावा- लखनऊ, कानपुर, नोएडा, आगरा… सब समाजवादियों की देन!

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने राज्य में चल रही मेट्रो परियोजनाओं का पूरा श्रेय अपनी सरकार को देते हुए कहा कि “लखनऊ, कानपुर, नोएडा, आगरा की मेट्रो समाजवादियों की देन है।“प्रधानमंत्री की संसदीय सीट वाराणसी में भी हमने ही डीपीआर बनाई थी और 50 करोड़ रुपये तक जारी किए थे। उनका आरोप था कि BJP सरकार न तो मेट्रो बढ़ने दे रही है और न ही शहरों को व्यवस्थित ढंग से विकसित कर पा रही है।
रिवरफ्रंट और गंगा सफाई पर प्रहार

उन्होंने वाराणसी में गंगा सफाई और रिवरफ्रंट परियोजना पर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि “नालों पर रिवरफ्रंट कहां बनते हैं?”। “आपने सपना दिखाया कि मां गंगा को साफ करेंगे… लेकिन हुआ क्या?”। BJP वाले या तो बहुत पीछे का सोचते हैं या बहुत आगे का।”उन्होंने कहा कि वरुणा और गंगा नदी की सफाई के नाम पर केवल घोषणाएँ हुईं, जमीनी काम नहीं।
दूसरों को तकलीफ दोगे तो कुदरत फैसला करेगी-अखिलेश
एसपी चीफ अखिलेश ने सरकार पर दमन का आरोप लगाते हुए कहा “जब आप दूसरों को तकलीफ दोगे तो कुदरत अपना फैसला करेगी।” “जीत तो सिकंदर को भी अमर नहीं कर पाई।”उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि आदेश से ज्यादा न्याय का महत्व होता है और आने वाले दिनों में जनता सबका हिसाब मांगेगी।
दंगल हमें विरासत में मिला
लखनऊ में आयोजित पारंपरिक दंगल के मंच से उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा “दंगल हमें विरासत में मिला है… नेताजी खुद पहलवान थे।”“हम सबको भी इस परंपरा से बचपन से जुड़ने का सौभाग्य मिला।”
