कानून-व्यवस्था की मिसाल बनी बरेली पुलिस, एसपी संभल भी सम्मानित
लखनऊ/बरेली : यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान कर पुलिसकर्मियों के अनुकरणीय कार्यों की सराहना की।
बरेली के SSP अनुराग आर्य को मिला उत्कृष्ट सेवा सम्मान
सम्मेलन में बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य, सख्त कानून-व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। बरेली जिले में अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों की सख्त मॉनिटरिंग, जनसुनवाई और त्वरित कार्रवाई के चलते SSP अनुराग आर्य की कार्यशैली को सराहा गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अधिकारी प्रदेश की कानून-व्यवस्था को नई दिशा देते हैं।
योगी बोले -मजबूत कानून-व्यवस्था से बढ़ा प्रदेश का भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि“प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के पीछे पुलिस बल की मेहनत, अनुशासन और निष्ठा की बड़ी भूमिका है। ऐसे सम्मानों से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक समर्पण के साथ जनसेवा करते हैं। उन्होंने अधिकारियों से जन-संवेदनशीलता, निष्पक्षता और जीरो टॉलरेंस नीति पर लगातार अमल करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव गृह, राजीव कृष्णा, पुलिस महानिदेशक (DGP), अमिताभ यश, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल रहे। SSP अनुराग आर्य को मिला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत कार्यों की पहचान है, बल्कि पूरी बरेली पुलिस के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है। पुलिस विभाग के भीतर इसे प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।
