बरेली/बागपत/बुलंदशहर : नवरात्रि के व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बने भोजन ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। बागपत में एडीएम (न्यायिक) समेत 10 लोग बीमार हो गए,जबकि बरेली में एक ही परिवार के 6 सदस्य फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। वहीं बुलंदशहर में भी 38 लोग बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया है।
बरेली में कचौड़ी खाते ही बिगड़ी हालत
बरेली के गंगानगर कॉलोनी में व्रत का खाना एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया। कुट्टू के आटे से बनी कचौड़ी खाने के डेढ़ घंटे के भीतर 6 लोगों को उल्टी, चक्कर, घबराहट शुरू हो गया। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।
डॉक्टरों का खुलासा- फूड प्वाइजनिंग
चिकित्सकों ने इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है। बताया जाता है कि संभावित कारण मिलावटी कुट्टू का आटा या बासी/खराब आटे में बैक्टीरिया व फंगस है। विशेषज्ञों का कहना है कि कुट्टू का आटा जल्दी खराब होता है, इसलिए इसे ताजा ही इस्तेमाल करना चाहिए।
बागपत में ADM समेत 10 लोग बीमार

यूपी के बागपत में मामला और भी चौंकाने वाला है। यहां एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण समेत 10 लोग बीमार हो गए। रात में कुट्टू की पूड़ी खाने के बाद देर रात उल्टी, चक्कर और कंपकंपी शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां फालोअर सतीश और अन्य लोगों की भी हालत बिगड़ गई है।
एक ही परिवार के कई सदस्य प्रभावित

बिजनौर के मलकपुर गांव में एक ही परिवार के कई लोग बीमार पड़े हैं। इसमें मनीष कुमार, उनकी पत्नी मोनिका, माता-पिता और भाभी समेत परिवार का एक सदस्य खाना लेकर दिल्ली गया था, वहां भी उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे निजी अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।
बुलंदशहर में भी बड़ा मामला, 38 लोग बीमार
बुलंदशहर में कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी-पकौड़ी खाने के बाद 38 लोग बीमार हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। इस मामले में एसडीएम स्तर पर जांच जारी है। खाद्य एवं औषधि विभाग ने सैंपल लिए हैं। दुकानों की जांच शुरू कर मिलावटी आटे की आशंका पर कार्रवाई की गई है।
