सपा प्रमुख बोले – 2775 MSP, बाजार में 1800 में बिक रहा बाजरा, सरकार के दावे फेल, खरीद केंद्र बंद, लक्ष्य पूरे होने का ऐलान, किसानों से खुले धोखे का आरोप
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ धोखा और वादाखिलाफी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। फसल पर न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) मिल रहा है, और न ही सरकारी खरीद की कोई विश्वसनीय व्यवस्था दिखाई दे रही है।
धान के बाद अब बाजरा खरीद में भी धांधली
उन्होंने कहा कि धान खरीद में गड़बड़ियों के बाद अब बाजरा किसानों के साथ भी वही खेल खेला जा रहा है। सरकार बाजरा की 100 प्रतिशत खरीद के दावे कर रही है, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि किसान भटक रहे हैं और बिचौलियों द्वारा लूटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश खरीद केंद्र बंद पड़े हैं। मंडियों में बाजरा के दाम तेजी से गिर गए हैं किसान मजबूरी में अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं
2775 रुपये MSP, बाजार में 1800- 2000 रुपये में बिक रहा बाजरा
सपा अध्यक्ष ने बताया कि राज्य सरकार ने बाजरा का समर्थन मूल्य 2775 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है, लेकिन बाजार में किसानों को 1800 से 2000 रुपये ही मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ‘मोटा अनाज’ या ‘पोषक अनाज नीति’ का जमकर प्रचार कर रही है, बड़े-बड़े विज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन बाजरा का रकबा भी बढ़ा पैदावार भी बढ़ी। इसके बावजूद सरकारी खरीद न के बराबर हो रही है। खरीद लक्ष्य पूरे होने का दावा,किसान लौटाए जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इस वर्ष भाजपा सरकार ने बाजरा किसानों के साथ अजीब मज़ाक किया है। उन्होंने कहा कि तमाम खरीद केंद्र बंद हैं। इसके बावजूद सरकार ने खरीद लक्ष्य पूरे होने की घोषणा कर दी। किसान जब केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, तो उन्हें लौटा दिया जा रहा है।
हाथरस में ठंड और कोहरे में तौल का इंतज़ार करते रहे किसान
पूर्व मुख्यमंत्री ने हाथरस का उदाहरण देते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर में किसान रात भर क्रय केंद्रों पर डटे रहे, अगले दिन आने को कहा गया, लेकिन केंद्र बंद कर दिए गए। एक किसान सात दिन तक लाइन में लगा रहा, फिर भी उसके बाजरा की तौल नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर किसानों की तौल नहीं की गई, जबकि रात में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिखाई देती हैं। सुबह बड़े-बड़े ट्राले आ जाते हैं। उनकी तौल पहले कर ली जाती है।
घोषणापत्र के वादे भी पूरे हीं कर पाई भाजपा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के साथ कभी अपना कोई वादा निभाया ही नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने ही संकल्प पत्र (घोषणापत्र) में किसानों से जो वादे किए थे, वे आज तक अधूरे हैं। भाजपा ने वादाखिलाफी का रिकॉर्ड बना लिया है। अब किसान इस सरकार से निजात पाने को बेचैन है।
”किसानों के साथ धोखा बर्दाश्त नहीं
सपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी किसानों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी और एमएसपी पर वास्तविक खरीद सुनिश्चित कराने के लिए संघर्ष
जारी रहेगा।
सपा ने प्रदेश भर में मनाई वीरशिरोमणि राजा बिजली पासी की जयंती, अखिलेश यादव की ओर से नमन

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर गुरुवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय सहित उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में वीरशिरोमणि राजा बिजली पासी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। राज्य मुख्यालय में महाराजा बिजली पासी के चित्र पर अखिलेश यादव की ओर से पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने माल्यार्पण कर नमन किया। अखिलेश यादव ने कहा कि महाराजा बिजली पासी 12वीं सदी के वीर योद्धा थे। जिन्होंने 1148 से 1184 ईस्वी तक अवध क्षेत्र के बड़े हिस्से पर शासन किया। वे 12 किलो के स्वामी रहे और दलित समाज के गौरव के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने बिजनौर (विजय) और नथवागढ़ सहित कई जिलों का निर्माण कराया और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने वाले योद्धा के रूप में इतिहास में दर्ज हैं। इस अवसर पर सपा सांसद आरके चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व विधायक आशा किशोर, राजनारायण बिंद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
