8, 9 और 10 जून को बरेली-मथुरा और कासगंज-कानपुर रूट पर चलेंगी विशेष गाड़ियां, हजारों अभ्यर्थियों को मिलेगा फायदा
बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर रेल मंडल ने विशेष व्यवस्था की है। रेलवे प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए 8, 9 और 10 जून, 2026 को दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार बरेली जंक्शन-मथुरा जंक्शन और कासगंज जंक्शन-कानपुर अनवरगंज के बीच विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इससे पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बरेली से मथुरा के लिए सुबह चलेगी परीक्षा स्पेशल
रेलवे प्रशासन द्वारा संचालित की जा रही 05309/05310 बरेली जंक्शन-मथुरा जंक्शन-बरेली जंक्शन परीक्षा स्पेशल ट्रेन 8, 9 एवं 10 जून को चलेगी। 05309 परीक्षा स्पेशल ट्रेन बरेली जंक्शन से सुबह 4:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बदायूं, उझानी, सोरों शूकर क्षेत्र, कासगंज, सिकंदरा राव और हाथरस सिटी होते हुए मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में 05310 परीक्षा स्पेशल ट्रेन मथुरा जंक्शन से दोपहर 1:10 बजे प्रस्थान कर उसी मार्ग से होते हुए शाम 5:50 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।
कासगंज से कानपुर अनवरगंज के लिए भी विशेष ट्रेन
अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने 05312/05311 कासगंज जंक्शन-कानपुर अनवरगंज -कासगंज जंक्शन परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का भी फैसला किया है।05312 परीक्षा स्पेशल ट्रेन कासगंज से शाम 6:15 बजे रवाना होकर कायमगंज, फर्रुखाबाद, गुरसहायगंज, कन्नौज और बिल्हौर स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए रात 10:50 बजे कानपुर अनवरगंज पहुंचेगी। वापसी में 05311 परीक्षा स्पेशल ट्रेन रात 11:30 बजे कानपुर अनवरगंज से रवाना होकर निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 4:20 बजे कासगंज पहुंचेगी।
परीक्षा अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे प्रशासन का मानना है कि परीक्षा के दौरान सामान्य ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होने की संभावना रहती है। ऐसे में विशेष ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद मिलेगी और यात्रा भी अधिक सुविधाजनक होगी। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे ने यात्रियों से समय से स्टेशन पहुंचने और यात्रा संबंधी जानकारी पहले से प्राप्त करने की अपील की है।
