मजदूरी के बकाया पैसों को लेकर हुआ था विवाद, बीच-बचाव करने पहुंची महिला ने गंवाई जान,मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
बरेली : यूपी के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में मजदूरी के बकाया 4500 रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद एक महिला की मौत पर खत्म हुआ। खजुरिया ब्रह्मनान गांव में शनिवार रात हुई इस घटना में राधा नाम की महिला की जान चली गई। महिला के पति ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला करने और ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने पति पर ही हत्या का आरोप लगाकर मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
मजदूरी के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद
मृतका के पति विमल के अनुसार उसका भाई संजीव गांव फरीदापुर इनायत खां निवासी अर्जुन के ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था।मजदूरी के करीब 4500 रुपये बकाया थे, जिन्हें लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार रात आरोपी पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
बीच-बचाव करने पहुंची महिला हुई गंभीर घायल
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी लाठी और धारदार हथियार लेकर लौटे और हमला कर दिया। इसी दौरान राधा बीच-बचाव करने पहुंची, तो वह हमले की चपेट में आ गई। आरोप है कि महिला को गंभीर रूप से घायल करने के बाद ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई
अस्पताल में तोड़ा दम
इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने राधा को मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतका के मायके पक्ष ने पति विमल पर ही हत्या का आरोप लगा दिया। मायके वालों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाए।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
