बरेली : एक शादी समारोह उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब निकाह से पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। इसके बाद परिवार ने स्थिति संभालने के लिए उसकी छोटी बहन को निकाह के लिए तैयार कर दूल्हे के सामने बैठा दिया। हालांकि, मामला तब और उलझ गया जब छोटी बहन के प्रेम संबंध की बात भी सामने आ गई। इसके बाद बरातघर में जमकर हंगामा, मारपीट और फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
निकाह से पहले प्रेमी संग चली गई दुल्हन
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर-बरेली मार्ग स्थित एक बरातघर में शनिवार को शादी समारोह आयोजित था। तय समय पर दूल्हा बरात लेकर पहुंच गया, लेकिन निकाह के समय पता चला कि दुल्हन एक रात पहले ही अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई है। परिजनों का आरोप है कि वह अपने साथ शादी के लिए रखे गए जेवरात भी ले गई।
छोटी बहन को निकाह के लिए किया तैयार
दुल्हन के अचानक गायब होने से परिवार और रिश्तेदारों में हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालने के लिए परिवार ने दुल्हन की छोटी बहन को निकाह के लिए राजी किया, और उसे दूल्हे के सामने बैठा दिया। लेकिन दूल्हे और उसके परिवार ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई और दूसरी युवती से निकाह करने से इनकार कर दिया।
छोटी बहन का प्रेमी पहुंचा, तो बढ़ गया विवाद
इसी दौरान छोटी बहन का कथित प्रेमी भी बरातघर पहुंच गया। उसने भी शादी का विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बरातघर में अफरा -तफरी का माहौल बन गया।
मारपीट और फायरिंग की सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जो बरातघर के बाहर तक पहुंच गई। घटना के दौरान फायरिंग होने की भी सूचना है। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ लोग घायल हुए हैं। जिनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने घायलों और फायरिंग की परिस्थितियों को लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
