बोले- सरकार की चुप्पी संदिग्ध, न्यायालय से राम भक्तों की आस्था से जुड़े मामले में स्वतः संज्ञान लेने की अपील
लुधियाना ट्रेन हादसे पर कहा-भाजपा की गाड़ी को बेपटरी हो गई है…, महंगाई पर तंज, बोले- ‘भाजपा से अब तो हर आस गई टूट’
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर बड़ा दावा करते हुए करोड़ों रुपये की कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर को मिले चढ़ावे की करोड़ों रुपये की राशि गायब होने की खबरें सामने आ रही हैं,जो करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। साथ ही उन्होंने अदालत से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है।
सोशल मीडिया पोस्ट में उठाए गंभीर सवाल
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान राम के उपासकों के लिए यह बेहद संवेदनशील समाचार है कि राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपये की रकम कथित रूप से गायब पाई गई है। उन्होंने इसे मंदिर ट्रस्ट के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति बताते हुए कहा कि इस मामले में कोई भी सामने आकर स्पष्ट जवाब देने को तैयार नहीं दिख रहा है।
कोर्ट से स्वतः संज्ञान लेने की मांग
सपा प्रमुख ने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि देश और दुनिया के करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेकर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि इस प्रकार के आरोप सामने आए हैं तो उनकी पारदर्शी जांच होना आवश्यक है, ताकि लोगों का विश्वास बना रहे।
सरकार और ट्रस्ट की चुप्पी पर उठाए सवाल
उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार और मंदिर ट्रस्ट की ओर से तत्काल प्रतिक्रिया न आने पर भी सवाल खड़े किए। बोले-इतने गंभीर आरोपों के बावजूद चुप्पी बने रहना कई सवाल पैदा करता है। उनके अनुसार इस विषय पर स्पष्ट और आधिकारिक जानकारी सामने आनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
अखिलेश यादव बोले- भाजपा की गाड़ी बेपटरी हो गई है…
लुधियाना ट्रेन हादसे के वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन” सरकार का दावा करने वालों के शासन में अब ट्रेन के डिब्बे ही टूटकर “डबल” हो रहे हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौर में भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण गुणवत्ता के कारण आम जनता की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लालच जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है और अब “भाजपा की गाड़ी बेपटरी हो गई है।” सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा सरकार हटने पर ही देश की तरक्की दोबारा पटरी पर लौट सकेगी।
हाईकोर्ट की टिप्पणी पर भाजपा सरकार पर हमला, बोले- पुलिस व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर की गई टिप्पणी के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जिस व्यवस्था में पुलिस ही अपराधी जैसी भूमिका में दिखाई देने लगे, वह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में दावा किया कि हाईकोर्ट की टिप्पणी प्रदेश की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने भाजपा सरकार पर पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया और कहा कि कानून का शासन तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सपा प्रमुख ने पुलिस कर्मियों को भी संविधान के दायरे में रहकर कार्य करने की नसीहत दी।
महंगाई को लेकर सपा प्रमुख का तंज, बोले- ‘भाजपा से अब तो हर आस गई टूट’
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक कविता के जरिए बढ़ती महंगाई और आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया। अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, “रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ, भाजपा से अब तो हर आस गई टूट।” सपा प्रमुख ने इस टिप्पणी के माध्यम से महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार को घेर रहे हैं।
नरही क्षेत्र का वीडियो साझा कर सपा प्रमुख ने उठाए सवाल, कहा- बच्चों की पुकार कौन सुनेगा?
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ के नरही क्षेत्र में एक स्कूल की जमीन पर कथित कब्जे और स्कूल बंद होने के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धरने पर बैठे बच्चों का वीडियो साझा करते हुए मामले को गंभीर बताया। अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रभावशाली लोगों द्वारा स्कूल की जमीन पर कब्जा कर स्कूल बंद करा दिया गया है। उन्होंने लिखा, “बच्चों की पुकार सुनने वाला कहीं कोई संवेदनशील-सहृदय है?” और इस पूरे मामले को घोर निंदनीय बताया। सपा प्रमुख के इस ट्वीट के बाद शिक्षा व्यवस्था और बच्चों के भविष्य को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
