नाश्ते के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
औरैया/बरेली : यूपी के पुलिस विभाग में तैनात एक और जवान की असमय मौत ने पूरे गांव और महकमे को शोक में डुबो दिया। बरेली पुलिस लाइन में तैनात औरैया निवासी 40 वर्षीय सिपाही वीरपाल का हार्ट अटैक से निधन हो गया। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उरई के थाना अछल्दा क्षेत्र के ग्राम रूपपुर निवासी वीरपाल वर्ष 2006 बैच के सिपाही थे और पिछले तीन वर्षों से बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे।गुरुवार सुबह नाश्ता करने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।उन्होंने पत्नी संगीता से कहा कि वह कुछ देर आराम करेंगे और कमरे में जाकर लेट गए।
गांव पहुंचा शव, तो बिलखने लगे परिजन
कुछ देर बाद जब पत्नी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो वह नहीं उठे। घबराई पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार देर रात उनका शव पैतृक गांव पहुंचा, जहां खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रोने लगे। शुक्रवार को अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित जुटे।
विधायक ने भी दी अंतिम विदाई
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक प्रदीप यादव ने पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं थाना प्रभारी पंकज मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सिपाही वीरपाल को अंतिम विदाई दी। मृतक अपने पीछे पत्नी संगीता और दो पुत्र शिवा (16 वर्ष) और छोटू (10 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
