भू-माफिया बेलगाम, अस्पताल बेहाल, अपराध बेखौफ… अखिलेश यादव का योगी सरकार पर ताबड़तोड़ प्रहार”
SIR को बताया जनता को भटकाने की साजिश-SP राष्ट्रीय अध्यक्ष का आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला और आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश को अराजकता की ओर धकेल दिया गया है। लखनऊ के 19, विक्रमादित्य मार्ग से जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि “कानून व्यवस्था ध्वस्त है,स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हैं, किसान परेशान हैं, और भ्रष्टाचार चरम पर है।”
कानून व्यवस्था पर हमला-“हत्या, लूट, बलात्कार… सब बढ़ गया”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस-प्रशासन कार्रवाई की जगह केवल दावे कर रहा है। उन्होंने गोरखपुर की मां-बेटी की घर में घुसकर हत्या की घटना को “शर्मनाक और भयावह” बताते हुए कहा-“जीरो टॉलरेंस नहीं, सरकार का ‘जीरो बैलेंस’ मॉडल चल रहा है।”
स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप- “एम्बुलेंस से मरीज की जान जा रही है”
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को “पूरी तरह बदहाल” बताते हुए दो घटनाओं का उदाहरण दिया। बोले – मिर्जापुर में एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मरीज की मौत हो गई। कन्नौज, गुरसहायगंज में एंबुलेंस देर से पहुंची। जिसके चलते मरीज ने दम तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 9 साल में डॉक्टरों की कमी पूरी नहीं कर पाई। मेडिकल कॉलेजों में बेसिक सुविधाएं भी नदारद हैं। एंबुलेंस सेवा बदहाल होकर “मरीज की जान लेने वाली सेवा” बन गई है
किसान संकट पर हमला-“खाद-बीज नहीं, धान की खरीद ठप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि किसान कि खाद-बीज के लिए भटक रहे हैं। धान खरीद केंद्रों पर उपेक्षा का शिकार हैं। हर जगह बिचौलिये और भ्रष्टाचार हावी है। उन्होंने कहा कि भू-माफिया गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और सरकार संरक्षण दे रही है।
SIR पर बड़ा आरोप-“भटकाने की साजिश”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए जनता को SIR (Special Intensive Revision) में उलझा रही है। सपा प्रमुख के अनुसार “जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो गई है… विकास की जगह केवल प्रचार और विज्ञापन दिख रहे हैं।”
2027 में भाजपा का सत्ता से हटना तय!
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि “जनता सब जानती है। 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर ही जनता चैन लेगी।”उन्होंने कहा कि जनता शासन के “झूठ, लूट और अन्याय” से त्रस्त हो चुकी है।
