सपा प्रमुख बोले – हर वोट बचाइए, यही नागरिकता की पहचान है
विधायक विजय सिंह गोंड को दी श्रद्धांजलि
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ‘डबल इंजन’ नहीं बल्कि ‘डबल ब्लंडर’ की सरकार साबित हो रही है। मतदाता सूचियों में भारी अंतर को लेकर उन्होंने निर्वाचन आयोग से स्पष्टीकरण की मांग की है।
SIR नहीं, NRC है : अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी शुरू से कहती आ रही है कि SIR असल में NRC का ही दूसरा नाम है, जिसका मकसद वोट काटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से प्रदेश की जनता को परेशान किया गया, लेकिन PDA प्रहरी और आम जनता की मेहनत से आज भाजपा खुद SIR से परेशान है।
मतदाता आंकड़ों में भारी अंतर, उठे सवाल
सपा अध्यक्ष ने निर्वाचन आयोग और अन्य आधिकारिक स्रोतों के हवाले से आंकड़े पेश करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा मतदाता सूची (SIR के बाद, प्रारूप 2026) के तहत 12.56 करोड़, उत्तर प्रदेश पंचायत मतदाता सूची (SIR संशोधित अस्थायी 2026) में 12.70 करोड़, और उत्तर प्रदेश नगर निकाय मतदाता सूची (चुनाव वर्ष 2023) में लगभग 4.32 करोड़ हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह भी मान लिया जाए कि नगर निकाय मतदाता सूची में 25% तक त्रुटियां हैं, तो भी करीब 3.24 करोड़ मतदाता सूची में बने रहने चाहिए।
3 करोड़ वोटर कहां गए?
पूर्व सीएम अखिलेश यादव के मुताबिक पंचायत और नगर निकाय मतदाता सूचियों को जोड़ने पर कुल संख्या लगभग 15.80 करोड़ होनी चाहिए, जबकि विधानसभा मतदाता सूची में यह संख्या काफी कम है। उन्होंने सवाल उठाया कि लगभग 3 करोड़ मतदाता कहां गायब हो गए? सपा ने आशंका जताई कि क्या भाजपा के दबाव में निर्वाचन आयोग पिछड़े वर्गों, दलितों, आदिवासियों और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के मताधिकार को सीमित करने का प्रयास कर रहा है?
महंगाई और भ्रष्टाचार पर भी हमला
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में बढ़ती महंगाई की असली वजह भ्रष्टाचार है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग भ्रष्टाचार कर रहे हैं, और उसी भ्रष्टाचार की वजह से महंगाई बढ़ रही है।
विधायक विजय सिंह गोंड को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के विधायक विजय सिंह गोंड के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा आदिवासी समाज के हक और अधिकारों के लिए काम किया। यही वजह रही कि जनता ने उन्हें लगातार समर्थन दिया।
अखिलेश यादव की जनता से अपील- हर वोट बचाइए, यही नागरिकता की पहचान है
सपा प्रमुख ने पीडीए समाज के मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि वोटर लिस्ट से नाम कटना सीधे नागरिक अधिकारों पर हमला है। उन्होंने कहा कि अभी भी पीडीए समाज के करोड़ों वोट कटे हुए हैं, इसलिए हर बूथ पर जांच जरूरी है। अखिलेश यादव ने कहा कि वोटर आईडी ही नागरिक होने का सबसे बड़ा सबूत है, और अगर नाम सूची से हटा तो भविष्य में राशन, योजनाओं, आरक्षण और संपत्ति के अधिकार भी खतरे में पड़ सकते हैं। उन्होंने भाजपा पर वोट काटने की साजिश का आरोप लगाते हुए जनता से वोट बनवाने और लोकतंत्र बचाने की अपील की।
