बरेली : जिले के लिए गर्व की खबर है। बरेली के 23 वर्षीय युवा रुद्रांश सक्सेना का चयन देश के प्रतिष्ठित मंच ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के लिए हुआ है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 8 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय संवाद में देशभर से चुने गए चुनिंदा युवा शामिल हो रहे हैं। शहर की ग्रीनपार्क कॉलोनी निवासी रुद्रांश ने लाखों प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
टॉप- 3 में मिला मुकाम

निबंध लेखन प्रतियोगिता और लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रस्तुति में टॉप-03 में स्थान पाने के बाद उन्हें विकसित भारत चैलेंज की उत्तर प्रदेश टीम में शामिल किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से संवाद के बाद रुद्रांश नई दिल्ली रवाना हुए हैं, जहां वे “भारत की सॉफ्ट पावर” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
पीएम युवाओं से करेंगे डायलॉग

इस डायलॉग में प्रधानमंत्री स्वयं युवाओं से संवाद करेंगे। खास बात यह है कि रुद्रांश को केंद्रीय रक्षा मंत्री के साथ डिनर का अवसर भी मिला है। रुद्रांश का मानना है कि संस्कृति, ज्ञान, तकनीक और मानवीय मूल्यों के माध्यम से भारत वैश्विक मंच पर नैतिक और बौद्धिक नेतृत्वकर्ता बन सकता है। उनकी इस सफलता पर कई युवाओं और प्रबुद्धजनों ने बधाई दी है।
