लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा के अंदरूनी हालात पर बड़ा और तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि अब भाजपा में ‘डबल इंजन सरकार’ नहीं, बल्कि ‘डबल इंजन टकराहट 2.0’ चल रही है, जहां लखनऊ अध्यक्ष 2.0 और दिल्ली अध्यक्ष 2.0 आमने-सामने आ गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में यह टकराव स्वाभाविक है, क्योंकि 7 बार के वरिष्ठ सांसद को 5 बार के विधायक से नीचे पद देकर अपमानित किया गया, और यही अपमान अब बयानों के जरिए बाहर आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व में भेदभाव और वंशवादी सोच साफ दिखाई दे रही है।
‘भाजपा अपनों की भी सगी नहीं’
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का इतिहास रहा है कि वह लोगों को सत्ता तक पहुंचाने के बाद सीढ़ी हटा देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जरूरत पड़ने पर लोगों को आगे करती है और बाद में किनारे कर देती है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा “जब कुर्सी पर बैठ सकते हैं तो स्टूल पर क्यों बैठा जाए?”उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेतृत्व जिन लोगों का इस्तेमाल करता है, उनका भविष्य भी उन्हीं नेताओं जैसा होता है जो आज सत्ता के इंतजार में गुमनाम हो चुके हैं।
वणिक समाज उपेक्षित, GST और मंदी से हताश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने यूपी में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अध्यक्ष के रूप में अलग-अलग समाजों के लोगों को तो बैठाया है, लेकिन वास्तविक शक्ति और सम्मान उन लोगों को नहीं मिला, जिन्होंने भाजपा को खड़ा करने में आर्थिक सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि GST और आर्थिक मंदी से वणिक समाज बुरी तरह प्रभावित है, कारोबार ठप हैं, युवाओं को न नौकरी मिल रही है और न भविष्य सुरक्षित दिख रहा है।
‘नौकरी भाजपा के एजेंडे में नहीं’
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के एजेंडे में रोजगार और सम्मानजनक नौकरी है ही नहीं। हालात ऐसे हो गए हैं कि व्यापारी वर्ग अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं देख पा रहा।
‘भाजपा अब एक पार्टी नहीं, स्वार्थियों का समूह’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अब एक राजनीतिक दल नहीं रह गई है, बल्कि स्वार्थी लोगों का समूह बन चुकी है, जहां नेता आपस में ही एक-दूसरे की टांग खींचते रहते हैं। उन्होंने कहा“भाजपा कुछ खुदगर्ज़ों का खानदान है, बाकी सबके हिस्से सिर्फ अपमान आता है।”
क्रिसमस पर अखिलेश यादव का संदेश- शांति, प्रेम और करुणा से ही बनेगा सौहार्दपूर्ण संसार
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने क्रिसमस पर्व के अवसर पर देश-प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह के जन्म का पर्व पूरी दुनिया में उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यीशु मसीह ने मानवता को शांति, प्रेम और करुणा का संदेश दिया, यहां तक कि अपने विरोधियों के लिए भी क्षमा की भावना सिखाई। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध और संघर्ष की आशंकाओं से घिरी है, तब यीशु की शिक्षाएं शांति और सौहार्द का रास्ता दिखा सकती हैं।
